इंदौर एयरपोर्ट पर उथल-पुथल :स्टार एयर और इंडिगो की कई उड़ानें निरस्त, इंडिगो की फ्लाइट मौसम के कारण रद्द

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टार एयर और इंडिगो एयरलाइंस की कई उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को देर रात तक इंतजार करना पड़ा।
स्टार एयर की सभी उड़ानें रद्द
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक स्टार एयर की बेंगलुरु और गोंदिया के बीच आने-जाने वाली सभी उड़ानें कल रद्द कर दी गईं। आम तौर पर यह फ्लाइट दोपहर 2:30 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर शाम 4:30 बजे इंदौर पहुंचती है और फिर गोंदिया होकर वापस रात 7:45 बजे बेंगलुरु जाती है। कंपनी ने सभी उड़ानों को ‘ऑपरेशनल कारणों’ से रद्द करने की बात कही। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि बेंगलुरु में विमान की तकनीकी खराबी के कारण यह फैसला लिया गया।
इंडिगो की जयपुर फ्लाइट पर भी असर
इसी तरह इंडिगो एयरलाइंस की जयपुर से इंदौर आने और वापस जाने वाली फ्लाइट भी रद्द करनी पड़ी। यह विमान आमतौर पर रात 10:20 बजे जयपुर से इंदौर आता है और सुबह 6:35 बजे जयपुर लौटता है। लेकिन, कल देहरादून में खराब मौसम के कारण यह विमान जयपुर देर से पहुंचा, जिसके चलते इंदौर आने वाली फ्लाइट समय पर नहीं उड़ सकी।
एयरपोर्ट बंद होने से देर रात की उड़ान नहीं भर सकी
इंदौर एयरपोर्ट रात 10:30 बजे बंद हो जाता है, इसलिए इंडिगो को देर रात की फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। इसकी वजह से आज सुबह की वापसी उड़ान भी रद्द हो गई।
रिफंड और री-बुकिंग का दिया विकल्प
अधिकारियों ने बताया कि दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों को रिफंड या री-बुकिंग का विकल्प दिया है। अधिकांश यात्री आज दिन की अन्य उड़ानों से अपनी यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों ने उड़ानें अचानक रद्द होने पर नाराजगी जताई और एयरलाइंस से बेहतर समन्वय और सूचना व्यवस्था की मांग की है।











