Hemant Nagle
20 Dec 2025
Hemant Nagle
20 Dec 2025
Hemant Nagle
20 Dec 2025
Naresh Bhagoria
20 Dec 2025
ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति का शव घर की बालकनी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान 55 वर्षीय खेमराज कुशवाहा के रूप में हुई है। शव सिर के बल उल्टा पड़ा हुआ था। घटना पान पत्ते की गोद इलाके की है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से पूजा-पाठ की कुछ सामग्री भी मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है। शव की स्थिति संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतक के भाई जगन्नाथ कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी युवक देव और मुलायम ने खेमराज की तांत्रिक क्रिया के शक में हत्या की है। जगन्नाथ ने बताया कि पहले भी इन युवकों का खेमराज से झगड़ा हो चुका है। कुछ समय पहले राजीनामा भी हुआ था, लेकिन दोनों युवक रंजिश रखते थे।
परिजनों के अनुसार, देव और मुलायम को खेमराज पर शक था कि वे उन पर जादू-टोना करते हैं। इसी बात को लेकर कई बार तनाव और विवाद हुआ था। परिवार को आशंका है कि उसी रंजिश में खेमराज की हत्या की गई है।
माधौगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच जारी है।