जमुई-समस्तीपुर के बाद मधेपुरा का वीडियो वायरल, छात्राओं और लड़के से बदसलूकी का दावा

जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बिहार के मधेपुरा से स्कूल के बाहर छात्रों के विवाद का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक छात्राओं और एक लड़के को घेरकर बहस करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान हाथापाई जैसी स्थिति भी नजर आ रही है।
बाइक सवार लड़के को घेरा
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के एक स्कूल के बाहर का है। वीडियो में कुछ लड़के बाइक से आए एक युवक को घेरते नजर आ रहे हैं। भीड़ में मौजूद लड़के उसकी बाइक की चाबी निकाल लेते हैं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो जाती है। वायरल वीडियो में कुछ छात्राएं भी विवाद में शामिल होती दिखाई दे रही हैं। घटना 22 सितंबर की बताई जा रही है।
स्कूल प्रबंधन ने घटना से किया इनकार
स्कूल के प्रधानाध्यापक का कहना है कि स्कूल परिसर के अंदर ऐसी कोई घटना नहीं हुई। स्कूल के बाहर क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
पुलिस ने नाबालिगों को किया चिन्हित
उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत नहीं मिली है। एसडीपीओ पवन कुमार सिंह के मुताबिक वायरल वीडियो 22 सितंबर 2026 का है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो उदाकिशुनगंज के उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर का है। उस समय स्कूल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी। पहली पाली की परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र-छात्राएं घर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूल के बाहर सड़क पर एक लड़का बाइक लेकर खड़ा था। कुछ छात्रों को शक हुआ कि वह किसी छात्रा से मिलने आया है। इसके बाद अन्य छात्र-छात्राएं भी वहां पहुंच गए और आपस में बहस होने लगी। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में छेड़खानी या किसी अन्य आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे सभी नाबालिगों की पहचान कर ली है। उनके परिजनों को नोटिस दिया गया है और जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।



















