मोदी कैबिनेट ने पांच बड़ी योजनाओं को दी मंजूरी; इंफ्रास्ट्रक्चर से डाक सेवाओं तक बड़ा निवेश, असम के सिलचर में बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में देश के बुनियादी ढांचे, घरेलू विनिर्माण, समुद्री व्यापार, हवाई कनेक्टिविटी और डाक सेवाओं को मजबूत करने के लिए पांच महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इन योजनाओं पर सरकार कुल ₹19,934 करोड़ खर्च करेगी। सबसे बड़ा निवेश निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल और असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी दी गई है। डाक विभाग के आधुनिकीकरण और उसकी संपत्तियों के विकास के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन पर ₹11,000 करोड़
कैबिनेट ने कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (CIE) उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ₹11,000 करोड़ की योजना मंजूर की है। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्षों के लिए लागू होगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार भारत इस उद्योग में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार लगभग ₹97,000 करोड़ का था, लेकिन करीब 45 प्रतिशत जरूरतें आयात से पूरी होती हैं। सरकार का उद्देश्य घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाकर आयात पर निर्भरता घटाना है। इसके तहत टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन उपकरणों की जरूरत सड़क, पुल, सुरंग और बड़ी निर्माण परियोजनाओं में होती है।
कामराजार पोर्ट पर ₹4,288 करोड़ से बनेगा दूसरा टर्मिनल
तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग ₹4,288 करोड़ खर्च होंगे। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (DBFOT) आधार पर बनाया जाएगा। इसके लिए 111 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है। टर्मिनल की सालाना क्षमता 20 लाख TEUs होगी। इसका बर्थ 900 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा होगा। यहां 400 मीटर तक लंबे और 24,346 TEUs क्षमता वाले बड़े कंटेनर जहाजों को संभाला जा सकेगा। परियोजना की रियायत अवधि 40 वर्ष रखी गई है। इससे बंदरगाह की क्षमता बढ़ने के साथ समुद्री व्यापार और माल परिवहन को गति मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी की अपील का असर, अप्रैल से अक्टूबर के बीच सोना आयात 40% घटा
सिलचर के ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर खर्च होंगे 2014 करोड़
असम के सिलचर स्थित डोलू क्षेत्र में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जाएगा। इस पर ₹2,014 करोड़ खर्च होंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) इस परियोजना का पूरा खर्च अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगी। नए एयरपोर्ट पर व्यस्त समय में प्रति घंटे 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसमें 400 आगमन और 400 प्रस्थान करने वाले यात्री शामिल हैं। इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। वर्तमान में सिलचर एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना के स्वामित्व में है और AAI लगभग 70 एकड़ में सिविल एन्क्लेव संचालित करती है। सीमित जगह के कारण मौजूदा एयरपोर्ट का विस्तार संभव नहीं है। नया एयरपोर्ट बनने से बराक वैली और पूर्वोत्तर के आसपास के क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन और कारोबार को लाभ मिलने की उम्मीद है।
डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए ₹1,141 करोड़
डाक सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए अगले पांच वर्षों में ₹1,141 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस योजना में ग्रामीण डाकघरों की सुविधाएं बेहतर बनाने, मेल और पार्सल वितरण की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत करने तथा सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर रहेगा। डाक विभाग के नेटवर्क को आधुनिक तकनीक और बेहतर संचालन व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को डाक एवं पार्सल सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।
ये भी पढ़ें: नशे की समस्या पर भावुक हुए PM मोदी, बोले- जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा भी खत्म होगा
डाक विभाग की इमारतों और कर्मचारी आवासों का नवीनीकरण
कैबिनेट ने डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को भी जारी रखने की मंजूरी दी है। वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच वर्षों में इस पर ₹1,491 करोड़ खर्च होंगे। इसके तहत नए डाकघर बनाने, पुराने भवनों का नवीनीकरण करने और सभी डाकघरों में एकसमान ब्रांडिंग लागू करने का काम होगा। कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत और ऐतिहासिक डाक भवनों के संरक्षण को भी योजना में शामिल किया गया है। सरकार का मानना है कि आधुनिक डाकघर पार्सल बुकिंग, अंतिम छोर तक डिलीवरी और वित्तीय समावेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




















