MANIT भोपाल के शोधकर्ताओं के अध्ययन में सामने आया, महाराष्ट्र के 5 जिलों पर अचानक सूखे का खतरा

मुंबई। महाराष्ट्र के 36 जिलों में किए गए एक दीर्घकालिक अध्ययन के अनुसार, राज्य के पांच अर्ध शुष्क जिले अहिल्यानगर, बीड, धाराशिव, सांगली और सोलापुर गंभीर और तेजी से गहराते अचानक सूखे जैसे हालात के प्रति बेहद संवेदनशील हैं। भोपाल स्थित मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के शोधकर्ताओं विकास पूनिया और दीपिका यादव द्वारा किए गए अध्ययन से पता चला है कि इन पांच जिलों में अचानक सूखे की तीव्रता हर आठ दिनों में छह से नौ प्रतिशतक अंक तक बढ़ गई। वहीं, कुछ क्षेत्रों में इसमें नौ प्रतिशतक अंक से भी अधिक की वृद्धि दर्ज की गई जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में यह वृद्धि छह प्रतिशतक अंक से कम रही।
बताया सूखे में अंतर और कैसे करते हैं असर
पीयर-रिव्यू जर्नल 'फिजिक्स एंड केमिस्ट्री ऑफ द अर्थ' में अक्टूबर 2026 में प्रकाशित इस अध्ययन में, महाराष्ट्र में अचानक सूखे की बारंबारता, अवधि, गंभीरता एवं तीव्रता का आकलन करने के लिए 1981 से 2024 के बीच बारिश, तापमान, मिट्टी की नमी और वाष्पीकरण के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। शोधकर्ताओं ने बताया कि अचानक सूखे सामान्य सूखे से अलग होते हैं। सामान्य सूखे एक मौसम या उससे अधिक समय में धीरे-धीरे विकसित होते हैं जबकि अचानक सूखे कुछ ही हफ्तों में जमीन की सामान्य नमी को खत्म करके उसे भीषण सूखे की स्थिति में ला सकते हैं। इससे किसानों एवं जल प्रबंधन से जुड़े लोगों के पास स्थिति से निपटने के लिए बहुत कम समय बचता है।
44 वर्षों के डेटा के विश्लेषण किया
एमएएनआईटी भोपाल के सहायक प्रोफेसर पूनिया ने कहा, अचानक सूखे में उस तरह की चेतावनी नहीं मिलती जैसी धीरे-धीरे आने वाले सूखे में मिलती है क्योंकि कोई खेत कुछ ही हफ्तों में सामान्य नमी से गंभीर सूखे की स्थिति में जा सकता है। 44 वर्षों के डेटा के हमारे विश्लेषण से पता चलता है कि अहमदनगर, बीड, धाराशिव, सांगली और सोलापुर जैसे अर्ध शुष्क आंतरिक जिलों में ऐसा सबसे गंभीर रूप से एवं सबसे तेजी से होता है।
अचानक आने वाले सूखे की संख्या कम रही
अध्ययन से पता चला है कि मानसून के दौरान अचानक सूखे अपेक्षाकृत कम आते थे। 44 वर्षों की अवधि में मानसून के महीनों के दौरान अधिकांश जिलों में ऐसी घटनाएं दो से भी कम बार दर्ज की गईं। हालांकि सूखे महीनों के दौरान इनकी आवृत्ति में भारी वृद्धि देखी गई, इन महीनों में जिलों में औसतन लगभग 20 ऐसी घटनाएं दर्ज हुईं जबकि सोलापुर, धाराशिव, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में इनकी संख्या 25 से भी अधिक रही। शोधकर्ताओं ने पाया कि मानसून पूर्व का समय सबसे अधिक संवेदनशील दौर है। महाराष्ट्र के बड़े हिस्सों में अचानक आने वाले सूखे सबसे बार-बार और सबसे लंबे समय तक देखे गए जिनमें से कुछ 30 से 40 दिनों तक चले। अध्ययन के अनुसार, सूखे मौसम में आने वाले ऐसे अचानक सूखे आमतौर पर 20 से 25 दिनों तक रहते हैं।
ज्यादा बारिश वाले जिलों में भी अचानक सूखे पड़े
गढचिरौली, चंद्रपुर और भंडारा जैसे अधिक बारिश वाले पूर्वी जिलों में भी अचानक सूखे देखे गए लेकिन अर्ध-शुष्क आंतरिक जिलों में ऐसी घटनाओं का खतरा अधिक रहा जो तेजी से गंभीर रूप ले लेती हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार, अचानक सूखे की शुरुआत मुख्य रूप से बारिश की कमी के कारण होती है जबकि उच्च तापमान और शुष्क वायुमंडलीय स्थितियां इसके और अधिक गंभीर होने की प्रक्रिया को तेज कर देती हैं। पुणे, नासिक, सतारा, कोल्हापुर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग सहित कई पश्चिमी और मध्य जिलों में, बारिश की कमी मुख्य कारण रही जबकि लंबे समय तक सूखे के दौर में उच्च तापमान ने सूखे की प्रक्रिया को और तेज कर दिया। वर्धा, यवतमाल और नागपुर जैसे पूर्वी जिलों में तापमान अधिक हो गया था और सोलापुर के आसपास, कम बारिश, उच्च तापमान और पहले से ही सूखी मिट्टी के कारण अचानक सूखे की स्थिति और गंभीर हो गई। अध्ययन में यह भी पाया गया कि अचानक सूखे के दौरान मिट्टी की नमी में लगभग 17 प्रतिशत की कमी आई।
इस बार कम रहा मानसून
ये निष्कर्ष इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून के खत्म होने के बाद महाराष्ट्र अब सूखे के मौसम की ओर बढ़ रहा है। इस बार मानसून की बारिश औसत से 13 प्रतिशत कम रही। राज्य के कुछ हिस्सों में अक्टूबर तक सूखे जैसे हालात बने रहे जबकि अध्ययन में पाया गया कि मानसून से ठीक पहले के हफ्तों में अचानक सूखा पड़ने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। शोधकर्ताओं ने सुझाव दिया है कि किसानों और जिला प्रशासन को समय रहते चेतावनी देने के लिए बारिश के आंकड़ों के साथ-साथ मिट्टी की नमी, तापमान एवं वायुमंडलीय सूखे को शामिल करके अचानक सूखे की निगरानी एवं पूर्व-चेतावनी प्रणालियों को मजबूत किया जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी आग्रह किया कि वे इन निष्कर्षों को सूखे की तैयारियों, जल प्रबंधन एवं जलवायु-अनुकूल कृषि योजना में शामिल करें, खासकर अर्ध-शुष्क आंतरिक जिलों में।




















