जबलपुर के डॉक्टर की उपलब्धि, तय की स्तन कैंसर सर्जरी के भविष्य की दिशा; 28 विशेषज्ञों के समूह में मिली जगह

जबलपुर। देश के 28 वरिष्ठ स्तन कैंसर सर्जनों के विशेषज्ञ समूह में शामिल डॉ. यादव ने दिल्ली एम्स, मुंबई के टाटा मेमोरियल और पीजीआई के विशेषज्ञों के साथ मिलकर आधुनिक स्तन कैंसर सर्जरी के लिए राष्ट्रीय सर्वसम्मति दिशा-निर्देश तैयार किए हैं। इस महत्वपूर्ण दस्तावेज को विश्व की प्रतिष्ठित इंटरनेशनल जर्नल ऑफ सर्जरी में प्रकाशित किया गया है। पहली बार भारतीय मरीजों की परिस्थितियों और अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखकर यह गाइडलाइन तैयार की गई है।
दिल्ली-मुंबई के संस्थानों के साथ जबलपुर की भागीदारी
जबलपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस (एनएससीबी) मेडिकल कॉलेज जबलपुर के ब्रेस्ट एवं एंडोक्राइन सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर और यूनिट प्रभारी डॉ. संजय कुमार यादव देश के 28 वरिष्ठ स्तन कैंसर सर्जनों के उस विशेषज्ञ समूह में शामिल हैं, जिसने स्तन कैंसर की आधुनिक सर्जरी के लिए राष्ट्रीय सर्वसम्मति दिशा-निर्देश तैयार किए हैं। इस समूह में दिल्ली एम्स, मुंबई के टाटा मेमोरियल और पीजीआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। इस उपलब्धि से जबलपुर का नाम राष्ट्रीय चिकित्सा क्षेत्र में सामने आया है।
ये भी पढ़ें: सीहोर: हार्ट पेशेंट पत्नी को तेज आवाज से खतरा, बुजुर्ग की गुहार पर पुलिस पंचायत का एक्शन; बेटों को भी झुकना पड़ा
अब तक विदेशों में तैयार होते थे सर्जरी के दिशा-निर्देश
डॉ. यादव ने बताया कि अब तक स्तन कैंसर की आधुनिक सर्जरी से जुड़े प्रमुख दिशा-निर्देश अमेरिका, यूरोप और कोरिया जैसे विकसित देशों में तैयार होते रहे हैं। इन देशों की चिकित्सा सुविधाएं, तकनीक और संसाधन भारत की परिस्थितियों से अलग हैं। ऐसे में वहां के दिशा-निर्देशों को भारतीय अस्पतालों में लागू करने में कई व्यावहारिक चुनौतियां आती हैं।
भारतीय मरीजों की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बनी गाइडलाइन
इसी जरूरत को देखते हुए पहली बार भारतीय मरीजों की परिस्थितियों, अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों और सर्जनों के प्रशिक्षण को ध्यान में रखकर व्यापक राष्ट्रीय सर्वसम्मति दस्तावेज तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य भारतीय अस्पतालों में आधुनिक स्तन कैंसर सर्जरी को बेहतर तरीके से लागू करना है। यह गाइडलाइन भारत के अलावा अन्य विकासशील देशों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है।
राष्ट्रीय दस्तावेज में शामिल किए गए 41 महत्वपूर्ण बिंदु
इस राष्ट्रीय दस्तावेज में 41 महत्वपूर्ण बिंदु शामिल किए गए हैं। इनमें बताया गया है कि किन मरीजों में आधुनिक स्तन कैंसर सर्जरी उपयुक्त है और इसे सुरक्षित तरीके से कैसे किया जाना चाहिए। इसके साथ ही सर्जरी करने वाले चिकित्सकों के लिए जरूरी प्रशिक्षण और सीमित संसाधनों वाले अस्पतालों में भी इन आधुनिक तकनीकों को सुरक्षित और जिम्मेदारी से अपनाने के तरीके बताए गए हैं।
सर्जरी की गुणवत्ता और सुरक्षा में आएगी एकरूपता
इस गाइडलाइन का मुख्य उद्देश्य देशभर में स्तन कैंसर सर्जरी की गुणवत्ता, सुरक्षा और उपचार के मानकों में एकरूपता लाना है। डॉ. संजय कुमार यादव ने इस उपलब्धि के लिए संस्थान के अधिष्ठाता, अस्पताल अधीक्षक, सर्जरी विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार जताया है। वहीं कॉलेज के डीन प्रोफेसर डॉ. नवनीत सक्सेना ने इस उपलब्धि के लिए डॉ. यादव और उनकी टीम को बधाई दी।




















