सौरव दास को पासपोर्ट मामले को लेकर विदेश मंत्रालय का नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को नोटिस जारी होने की जानकारी दी। यह कार्रवाई कानून लागू करने वाली एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर की गई है। इससे पहले सौरव दास ने दावा किया था कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था।
23 नवंबर को पासपोर्ट कार्यालय ने जारी किया नोटिस
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, चेन्नई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को सौरव दास को नोटिस जारी किया था। उनसे अपने जन्मस्थान के बारे में सात दिन के अंदर जवाब देने को कहा गया है। जवाब मिलने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह भी दी गई है।
पासपोर्ट आवेदन में सही जानकारी देना जरूरी
रणधीर जायसवाल ने बताया कि यह कदम कानून लागू करने वाली एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद उठाया गया है। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट के लिए आवेदन करते समय सही जानकारी देना जरूरी है। अगर किसी जानकारी को छिपाने या उसमें गड़बड़ी की बात सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति से जवाब मांगा जाता है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन की फ्लाइट में चढ़ने से रोकने का दावा
दरअसल, सौरव दास ने दावा किया था कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया। उनके मुताबिक, वह रात 1 बजे की फ्लाइट से ब्रिटेन जाने वाले थे, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पैनल चर्चा में होना था शामिल
सौरव दास ने बताया था कि वह ब्रिटेन में कॉकरोच मूवमेंट पर आयोजित एक पैनल चर्चा में हिस्सा लेने जा रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन ने किया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपनी यात्रा रोके जाने के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि सरकार उन्हें विदेश में अपनी बात रखने से रोकना चाहती है।
कैम्ब्रिज और LSE में भी मिला था बोलने का न्योता
सौरव दास ने दावा किया था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड के अलावा कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग में भी बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा था कि इस घटना से उनका काम प्रभावित नहीं होगा और वह आगे भी विदेश यात्रा करते रहेंगे।
CJP संस्थापक ने भी सरकार पर लगाए आरोप
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी इस मामले में सरकार की आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सत्ता में बैठे किसी व्यक्ति को सौरव दास का ऑक्सफोर्ड में बोलने का न्योता मिलना पसंद नहीं आया। वहीं, सौरव दास ने कहा था कि वह इस घटना से पीछे नहीं हटेंगे और अपना काम जारी रखेंगे।




















