मोहन भागवत बोले- दुनिया नहीं चाहती भारत तरक्की करे

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया की ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत तरक्की करे, क्योंकि वे सत्ता और दूसरों पर दबाव बनाए रखने में विश्वास करती हैं। भारत के आगे बढ़ने से उनकी दुकानें बंद हो सकती हैं, क्योंकि भारत सभी की मदद करना चाहता है।
'नफरत करने वाले पड़ोसी देशों की भी मदद करता है भारत'
भागवत ने कहा कि भारत उन देशों की भी सहायता करता है, जो उससे नफरत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का उद्देश्य सिर्फ अपनी तरक्की करना नहीं, बल्कि दूसरों की मदद करना भी है। इसी सोच के कारण भारत का विकास दुनिया के लिए अलग मायने रखता है।
ये भी पढ़ें: मोहन भागवत बोले- युवा पीढ़ी झूठ को करती है नापसंद, देश को मजबूत बनाने की रखती है इच्छा
'नई पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से बाहर आ चुकी है'
RSS प्रमुख ने कहा कि देश की नई पीढ़ी गुलामी की मानसिकता के प्रभाव से पूरी तरह मुक्त है। युवा ईमानदारी से बात करने वाले लोगों के साथ खड़े होने को तैयार रहते हैं, उन्हें झूठ पसंद नहीं है और वे अपने देश को महान बनाना चाहते हैं।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका
पूर्व CDS जनरल (रिटायर्ड) अनिल चौहान ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं का सबसे बड़ा योगदान होगा। युवा ही इस विकास के सबसे बड़े लाभार्थी भी होंगे। उन्होंने कहा कि इस सपने को पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए पिछली सफलताओं से सीखकर अपनी बौद्धिक क्षमता का इस्तेमाल करना होगा।
बदलते वैश्विक हालात में भारत के सामने चुनौतियां
चौहान ने कहा कि मौजूदा वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य संवेदनशील दौर से गुजर रहा है और दुनिया में शक्ति संतुलन बदल रहा है। ऐसे हालात में विकसित देश नहीं चाहेंगे कि भारत सफल, विकसित और प्रभावशाली देश बने। इसलिए वे भारत के विकास के रास्ते में रुकावटें पैदा कर सकते हैं।
बाहरी खतरों से ज्यादा खतरनाक हैं आंतरिक खतरे
अनिल चौहान ने कहा कि भारत को बाहरी चुनौतियों के साथ देश के भीतर मौजूद खतरों को लेकर भी सतर्क रहना होगा। उन्होंने साफ कहा कि बाहरी खतरों की तुलना में आंतरिक खतरे ज्यादा खतरनाक होते हैं। दोनों वक्ताओं ने छत्रपति संभाजीनगर में ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय पद्मा महोत्सव में ये बातें कहीं। यह वार्षिक आयोजन अलग-अलग क्षेत्रों के पद्म पुरस्कार विजेताओं को एक मंच पर लाने और लोगों से संवाद कराने के उद्देश्य से किया जाता है।




















