सीहोर: हार्ट पेशेंट पत्नी को तेज आवाज से खतरा, बुजुर्ग की गुहार पर पुलिस पंचायत का एक्शन; बेटों को भी झुकना पड़ा

सीहोर। बुजुर्गों की संपत्ति पर दखल, पड़ोसियों की मनमानी और परिवार के भीतर प्रताड़ना जैसे मामलों में अब पुलिस पंचायत ने सख्त रुख अपनाया है। सीहोर में आयोजित सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की सुनवाई में चार अलग-अलग प्रकरण सामने आए। कहीं 70 वर्षीय बुजुर्ग के प्लॉट पर दूसरे व्यक्ति का बोर्ड लगाने और उन्हें धमकाने का मामला था, तो कहीं हृदय रोगी महिला को पड़ोसी के तेज आवाज वाले साउंड से जानलेवा परेशानी हो रही थी। पुलिस पंचायत ने दोनों मामलों में तत्काल हस्तक्षेप कर स्पष्ट निर्देश दिए। वहीं, बेटों से विवाद झेल रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग को भी राहत मिली।
प्लॉट पर दूसरे का बोर्ड लगाने पर पुलिस पंचायत सख्त
पुलिस पंचायत में शहरी क्षेत्र के 70 वर्षीय बुजुर्ग ने शिकायत की कि उन्होंने सीहोर में 1700 वर्गफीट का प्लॉट खरीदा था। कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने उनके प्लॉट पर अपना बोर्ड लगा दिया। जब उन्होंने अपनी संपत्ति पर जाने का प्रयास किया तो उन्हें रोका गया और धमकियां भी दी गईं। सुनवाई के दौरान दूसरे पक्ष ने प्लॉट की गलत मार्किंग होने की आशंका जताई। इस पर पंचायत ने स्पष्ट किया कि जब आवेदक के दस्तावेज और प्लॉट की स्थिति स्पष्ट है तो इस तरह की शंका के आधार पर उन्हें परेशान नहीं किया जा सकता। पंचायत ने तत्काल बोर्ड हटाने, बुजुर्ग का बोर्ड लगाने और प्लॉट पर आने-जाने से नहीं रोकने के निर्देश दिए। दोबारा परेशान करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। कार्रवाई से बुजुर्ग ने खुशी जाहिर की।
हृदय रोगी पत्नी की परेशानी पर पड़ोसी को दो टूक चेतावनी
दूसरे मामले में एक बुजुर्ग ने बताया कि उनकी पत्नी लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित हैं और उनका लगातार उपचार चल रहा है। पड़ोसी द्वारा तेज आवाज में साउंड बजाने से उनकी पत्नी की धड़कन बढ़ जाती है और सांस फूलने लगती है। डॉक्टर ने भी उन्हें तेज आवाज से दूर रहने की सलाह दी है। सुनवाई में पड़ोसी ने अपने घर में साउंड बजाने की बात कही। इस पर पंचायत ने दो टूक कहा कि घर के भीतर साउंड बजाने की स्वतंत्रता का मतलब यह नहीं कि उसकी आवाज से पड़ोसियों की सेहत प्रभावित हो। बुजुर्ग, बीमार और विद्यार्थियों की परेशानी का ध्यान रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन होने पर साउंड जब्त करने और वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी कि अब ऐसा साउंड नहीं बजाया जाएगा जिससे बुजुर्ग की पत्नी को परेशानी हो।
मंदिर की राशि का हिसाब अब 5 दिसंबर को होगा
तीसरे प्रकरण में ग्रामीण क्षेत्र के 75 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने दो बेटों पर झगड़ा, मारपीट और आर्थिक हिसाब नहीं देने के आरोप लगाए। बुजुर्ग ने बताया कि उन्होंने आठ कमरों का मकान बनाया है और अब बेटों के विवाद से परेशान हैं। सुनवाई में खेती और दूध की आमदनी को लेकर विवाद सामने आया। पंचायत ने तय किया कि साढ़े तीन एकड़ जमीन पर बुजुर्ग अपनी इच्छा के अनुसार खेती करेंगे और बेटे उनसे किसी तरह के रुपयों की मांग नहीं करेंगे। विवाद नहीं करने की समझाइश दी गई। इसके बाद एक बेटे ने पिता के पैर छूकर माफी मांगी और दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया।
मंदिर की राशि का हिसाब अब 5 दिसंबर को होगा
चौथे मामले में ग्रामीण क्षेत्र के बुजुर्ग ने शिकायत की कि समाज के मंदिर के पूर्व पटेल ने जमा राशि और बैंक खाते का पूरा हिसाब नहीं सौंपा है। इससे उन्हें जिम्मेदारी निभाने में परेशानी हो रही है। दूसरे पक्ष ने कुछ राशि सौंपने की बात कही, लेकिन बुजुर्ग ने बड़ी रकम का हिसाब बाकी बताया। पंचायत ने निर्देश दिया कि समाज के लोगों की सामूहिक राशि का हिसाब समाज की पंचायत के सामने ही प्रस्तुत किया जाए। दोनों पक्षों की सहमति से 5 दिसंबर की तारीख तय की गई।
एएसपी के नेतृत्व में हुई सुनवाई
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर गठित सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के नेतृत्व में आयोजित हुई। इसमें कोर कमेटी सदस्य कमल सिंह ठाकुर और अनिल पालीवाल मौजूद रहे। अन्य प्रकरणों की भी सुनवाई की गई। कुछ मामलों में दस्तावेज, स्पष्टीकरण और संबंधित पक्षों की उपस्थिति के लिए अगली तारीख तय की गई।




















