Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मप्र के सबसे सीनियर भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का ऐलान- कोपरा बांध बनते ही राजनीति को अलविदा कह दूंगा

सागर जिले की रहली सीट से नौ बार विधायक और चार बार मंत्री रह चुके गोपाल भार्गव ने कोपरा बांध का निर्माण पूरा होने के बाद राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया है। उन्होंने इसे अपने जीवन का अंतिम लक्ष्य बताया है। उनके बयान के बाद बेटे अभिषेक भार्गव की राजनीतिक भूमिका और भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। 
मप्र के सबसे सीनियर भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का ऐलान- कोपरा बांध बनते ही राजनीति को अलविदा कह दूंगा
सागर। अपने पुत्र अभिषेक भार्गव के साथ सीनियर विधायक गोपाल भार्गव।
सागर। बुंदेलखंड की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले रहली विधानसभा क्षेत्र के नौ बार के विधायक और चार बार मंत्री रह चुके गोपाल भार्गव इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। उन्होंने बलेह में स्वास्थ्य केंद्र भवन के लोकार्पण समारोह में ऐसा ऐलान कर दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। भार्गव ने साफ शब्दों में कहा कि अब उनके जीवन का एक ही लक्ष्य बचा है और वह है कोपरा बांध का निर्माण पूरा कराना। इसके बाद वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। 

अभिषेक भार्गव के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज

भार्गव के इस बयान के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। खासकर उनके इकलौते पुत्र अभिषेक भार्गव की राजनीतिक सक्रियता और भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सियासी हलकों में एक चर्चा यह भी है कि क्या गोपाल भार्गव धीरे-धीरे अपनी राजनीतिक विरासत की जिम्मेदारी बेटे अभिषेक को सौंपने की भूमिका तैयार कर रहे हैं? हालांकि, भार्गव ने अपने बयान में संन्यास के बाद की राजनीतिक परिस्थितियों या उत्तराधिकारी को लेकर कोई स्पष्ट बात नहीं कही है।

Breaking News

बेटे की सक्रियता पर समर्थकों की अपनी दलील

दूसरी ओर गोपाल भार्गव के समर्थक अभिषेक भार्गव की राजनीतिक सक्रियता को स्वाभाविक प्रक्रिया बता रहे हैं। उनका कहना है कि अभिषेक पिछले करीब 15 वर्षों से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय हैं। छोटे-बड़े सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक आयोजनों में उनकी लगातार मौजूदगी रही है। सत्ता और संगठन में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। ऐसे में उनकी राजनीतिक सक्रियता को केवल गोपाल भार्गव के पुत्र होने के नजरिये से देखना उचित नहीं है। समर्थकों का तर्क है कि यदि भविष्य में उन्हें क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है तो इसमें अस्वाभाविक क्या है? 

28 गांवों के किसानों की तकदीर बदलेगा कोपरा बांध

बलेह में अपने संबोधन के दौरान गोपाल भार्गव ने कहा कि अब उनके पास क्षेत्र के लिए कोई दूसरा बड़ा काम शेष नहीं है। कोपरा बांध का निर्माण पूरा कराना ही उनका अंतिम लक्ष्य है। इससे 20 से 25 हजार किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी मुख्यमंत्री से उनकी चर्चा होती है तो वह कोपरा सिंचाई परियोजना का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हैं। परियोजना पूरी होने पर 24,686 एकड़ से अधिक क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होने का अनुमान है। इससे रहली विधानसभा क्षेत्र के लगभग 28 गांवों के 11,700 किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। यही वजह है कि भार्गव इस परियोजना को अपने राजनीतिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल करना चाहते हैं।

2018 से शुरू हुआ सफर, अब अंतिम बाधाएं दूर होने की उम्मीद

बागसपुरा गांव के नजदीक कोपरा नदी पर प्रस्तावित मध्यम सिंचाई परियोजना को 4 अक्टूबर 2018 को 292.38 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। सितंबर 2023 में प्रथम चरण के कार्यों के लिए 46 करोड़ रुपये जारी किए गए। मार्च 2025 में केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने पर्यावरणीय प्रभाव आकलन को मंजूरी दी। इसके बाद फरवरी 2026 में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व की लगभग 272 हेक्टेयर वन भूमि को परियोजना के लिए डायवर्ट करने की अनुमति प्रदान की। दिसंबर 2025 से सिंचाई, वन और राजस्व विभाग के संयुक्त अमले द्वारा डूब क्षेत्र में आने वाले 13 गांवों में सर्वे और मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया भी तेज की गई है। 

अब सवाल बांध के साथ सियासी भविष्य का भी

गोपाल भार्गव का राजनीतिक सफर लंबा और प्रभावशाली रहा है। नौ बार विधानसभा पहुंचने और चार बार मंत्री रहने के बाद उनका यह कहना कि कोपरा बांध बनते ही वह राजनीति छोड़ देंगे, महज एक भावनात्मक घोषणा है या फिर राजनीतिक जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का संकेत, यह आने वाला समय बताएगा। फिलहाल एक तरफ हजारों किसानों की निगाहें कोपरा बांध पर टिकी हैं तो दूसरी तरफ राजनीतिक गलियारों में यह सवाल गूंज रहा है कि क्या वर्ष 2028 तक कोपरा परियोजना के साथ रहली की राजनीति में भी एक नए अध्याय की शुरुआत होगी? 

अनिल दुबे
By अनिल दुबे

लेखक के बारे में अनिल दुबे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। डॉ सर हरीसिंह गौर केंदीय ...

Latest Posts