माननीयों पर सरकारी बंगले के 10 करोड़ बकाया, पूर्व मंत्री-विधायक और नेताओं ने नहीं चुकाया किराया, 23 को थमाए नोटिस

भोपाल। राजधानी में सरकारी बंगलों पर माननीयों की मेहरबानी का ऐसा मामला सामने आया है, जहां विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और राजनीतिक दल सरकारी आवास का इस्तेमाल तो कर रहे हैं, लेकिन किराया और जुर्माना चुकाने में पीछे हैं। राजधानी में नेताओं, अफसरों और संस्थाओं पर सरकारी बंगलों का करीब 10 करोड़ रुपए किराया और जुर्माना बकाया बताया जा रहा है। संपदा संचालनालय ने इनमें से 23 बकायदारों को नोटिस जारी किए हैं, लेकिन वसूली की कार्रवाई फिलहाल नोटिस तक ही सीमित नजर आ रही है।
कई पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद लंबे समय से बकायदार
संपदा संचालनालय के उपलब्ध हिसाब में कई पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद भी लंबे समय से बकायदार हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के बड़े बेटे प्रकाश जोशी पर करीब 32 लाख रुपए बकाया हैं। पूर्व मंत्री रामपाल सिंह पर 16 लाख, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया पर 17 लाख और विधायक मीना सिंह पर 17.52 लाख रुपए की देनदारी बताई गई है। इसी तरह पूर्व राज्यसभा सांसद एल. मुरुगन पर 13 लाख, पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर 18 लाख और पूर्व सांसद केपी यादव पर करीब 9 लाख रुपए बकाया हैं। बहुजन समाज पार्टी पर करीब 11 लाख तथा कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह चौहान पर 18 लाख रुपए की देनदारी बताई गई है। इस संबंध में गृह विभाग की सचिव शिल्पा गुप्ता से बात करने की कोशिश की गई्, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें: मप्र के सबसे सीनियर भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का ऐलान- कोपरा बांध बनते ही राजनीति को अलविदा कह दूंगा
न बंगला खाली, न किराया जमा
बताया जा रहा है कि चुनाव हारने के बाद कई पूर्व मंत्री और पूर्व जनप्रतिनिधि सरकारी आवास खाली नहीं कर रहे हैं। कुछ मामलों में आवंटित आवास पाने वाले व्यक्ति का निधन भी हो चुका है, इसके बावजूद बकाया किराए और आवास खाली कराने की कार्रवाई लंबित है।
बाकी बकायदारों का भी हिसाब तैयार
संपदा संचालनालय अब अन्य सरकारी बंगलों में रह रहे बकायदारों के किराए और जुर्माने का भी हिसाब तैयार कर रहा है। सवाल यह है कि जब सरकारी आवास का किराया आम कर्मचारी और अधिकारी से समय पर वसूला जाता है, तो राजनीतिक रसूख वाले बकायदारों पर कार्रवाई नोटिस से आगे क्यों नहीं बढ़ रही? करीब 10 करोड़ रुपए की सरकारी देनदारी की वसूली के लिए अब नोटिस नहीं, ठोस कार्रवाई की जरूरत है।




















