बेंगलुरु में 8 से 12 फरवरी तक एयरो इंडिया का आयोजन, 2 नए हैंगर बनाए जा रहे

एयरो इंडिया 2027 का आयोजन 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु के एयर फोर्स स्टेशन येलहंका में किया जाएगा। यह इस एयरो शो का 16वां संस्करण होगा, जिसे एशिया के सबसे बड़े और दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस और डिफेंस प्रदर्शनियों में गिना जाता है।
दो नए एग्जिबिशन हैंगर बनाने का काम शुरू
कंपनियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रक्षा उत्पादन विभाग (DDP) ने प्रदर्शनी स्थल पर दो नए एग्जिबिशन हैंगर बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पहली बार कंपनियों को अपने आवंटित स्टॉल में मेजेनाइन फ्लोर यानी अतिरिक्त ऊपरी मंजिल बनाने की अनुमति भी दी जाएगी, ताकि कम जगह में ज्यादा कंपनियां अपने उत्पाद दिखा सकें।
ये भी पढ़ें: Jio का बड़ा धमाका! ₹399 और ₹3,999 वाले प्लान में रोजाना 2.5GB डेटा की लिमिट खत्म, जानें नए ऑफर की डिटेल
एयरफोर्स स्टेशन होने से विस्तार की सीमाएं
येलहंका एयरबेस भारतीय वायुसेना का सक्रिय प्रशिक्षण केंद्र है। यहां विमान संचालन और सुरक्षा से जुड़े नियमों के कारण जमीन पर प्रदर्शनी का विस्तार करना आसान नहीं है। इसी वजह से रक्षा मंत्रालय अतिरिक्त हैंगर और स्टॉल में ऊपरी फ्लोर की व्यवस्था के जरिए क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।
ऊपरी मंजिल बनाने के लिए तय होंगे सुरक्षा मानक
कंपनियां अपने स्टॉल में मेजेनाइन फ्लोर बना सकेंगी, लेकिन इसके लिए निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी होगा। इसमें सुरक्षा, निर्माण की मजबूती, भार उठाने की क्षमता और अन्य तकनीकी मानकों को ध्यान में रखा जाएगा।
घरेलू-विदेशी कंपनियों और स्टार्टअप्स को मिलेगा मौका
रक्षा मंत्रालय का लक्ष्य एयरो इंडिया 2027 में ज्यादा से ज्यादा भारतीय और विदेशी कंपनियों को शामिल करना है। इसमें एयरोस्पेस क्षेत्र की बड़ी कंपनियों, रक्षा निर्माताओं और नई तकनीक विकसित करने वाले स्टार्टअप्स को अपने उत्पाद और क्षमताएं दिखाने का अवसर मिलेगा। बढ़ती मांग भारत के रक्षा और एयरोस्पेस उद्योग के विस्तार के साथ वैश्विक कंपनियों की बढ़ती रुचि को भी दर्शाती है।
1996 में हुआ था पहला एयरो इंडिया शो
एयरो इंडिया का पहला संस्करण 1996 में आयोजित किया गया था। यह आयोजन कंपनियों को अत्याधुनिक एयरोस्पेस सिस्टम और डिफेंस सॉल्यूशन प्रदर्शित करने का मंच देता है। साल 2025 में हुए शो में 7 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे थे। इसमें करीब 90 देशों ने भाग लिया था और 900 से ज्यादा बिजनेस, स्टार्टअप्स और निवेशक शामिल हुए थे।




















