Miss Universe 2026: जेनिफर बैरेटो बनीं पहली मां मिस यूनिवर्स, AI पर जवाब के चलते मिला 'मिस चैटजीपीटी' नाम

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने 24 नवंबर को मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम कर इतिहास बना दिया। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ताज जीतने वाली पहली मां बनीं। हालांकि, 75वें मिस यूनिवर्स संस्करण में उनकी जीत के बाद सोशल मीडिया पर जजों के फैसले को लेकर बहस शुरू हो गई।
जेनिफर बैरेटो की जीत पर क्यों उठे सवाल
खिताब की घोषणा होते ही सोशल मीडिया पर कई दर्शकों ने जजों के निर्णय पर सवाल उठाए। लोगों ने जानना चाहा कि बैरेटो ने डोमिनिकन रिपब्लिक, वेनेजुएला, फिलीपींस और न्यूजीलैंड की प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर जीत कैसे हासिल की। इस विवाद की सबसे बड़ी वजह फाइनल राउंड में दिए गए उनके जवाब बने। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े सवाल पर उनकी प्रतिक्रिया को लेकर काफी चर्चा हुई। इसी के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें 'मिस चैटजीपीटी' का नाम दिया जाने लगा। कुछ दर्शकों का मानना था कि डोमिनिकन रिपब्लिक, वेनेजुएला, न्यूजीलैंड और फिलीपींस की प्रतियोगियों ने फाइनल राउंड में ज्यादा प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं, कई लोगों ने बैरेटो के AI वाले जवाब की तुलना ChatGPT से तैयार किए गए कंटेंट से की।
मिस यूनिवर्स के फाइनल में जवाबों की कितनी होती है अहमियत
जेनिफर बैरेटो की जीत को लेकर उठे सवालों के बीच मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के निर्णायक दौर की प्रक्रिया भी चर्चा में आ गई है। फाइनल राउंड में प्रतिभागियों से नेतृत्व क्षमता और दुनिया को सबसे ज्यादा किन मानवीय गुणों की जरूरत है, जैसे विषयों पर सवाल पूछे गए थे। इसके बाद दर्शकों ने सभी प्रतियोगियों के जवाबों की तुलना शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर यह बहस भी छिड़ गई कि खिताब जीतने के लिए फाइनल राउंड में दिया गया एक जवाब कितना महत्वपूर्ण होता है। क्या किसी एक सवाल का जवाब प्रतियोगिता का परिणाम बदल सकता है या निर्णायक मंडल प्रतिभागियों के पूरे प्रदर्शन को आधार बनाता है?
जेनिफर बैरेटो को क्यों मिला 'मिस चैटजीपीटी' का नाम?
बैरेटो को 'मिस चैटजीपीटी' कहे जाने की वजह फाइनल राउंड से ठीक पहले पूछा गया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ा सवाल है। उनसे पूछा गया था कि AI का प्रभाव लगातार बढ़ने के बीच इंसानों को अपना कौन-सा गुण कभी नहीं खोना चाहिए? इसके जवाब में बैरेटो ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल सोच-समझकर और सावधानी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बावजूद उन मानवीय मूल्यों को सुरक्षित रखना जरूरी है, जो इंसान को उसकी वास्तविक पहचान देते हैं। उनकी इसी प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर 'मिस चैटजीपीटी' नाम से चर्चा शुरू हो गई।




















