सीहोर में चाकू मारकर शख्स की हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
सीहोर। दो आरोपियों ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि अन्य ने मारपीट की और इसी दौरान उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया। जान बचाने के लिए लईक इधर-उधर भागता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसे नहीं बख्शा। गंभीर हालत में उसे इको वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक तनाव का माहौल बन गया। वारदात ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसपी बंगले के पास घेरकर किया हमला
शुरूआती जानकारी के अनुसार, घटना मुल्ला जी की दुकान के आगे, डेयरी और सोनी टेलर वाली गली के आसपास हुई। यह इलाका एसपी बंगले के नजदीक बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, लईक के साथ अचानक कुछ लोगों ने विवाद शुरू किया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। दो लोगों ने उसके हाथ पकड़ लिए और अन्य लोग मारपीट करने लगे। इसी दौरान धारदार हथियार से उसकी पीठ पर वार कर दिया गया। जान बचाने के लिए लईक भागता रहा, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
ये भी पढ़ें: डिंडौरी में मुआवजे के 5 लाख रुपए लेकर SP कार्यालय पहुंचीं चार बहनें, जीजा पर हिस्सेदारी नहीं देने का आरोप
मामूली कहासुनी से खूनी संघर्ष तक पहुंचा विवाद
परिजनों के अनुसार, विवाद की शुरुआत पड़ोस में गेट निकालने और मकान के निर्माण और अतिक्रमण को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी। बताया जा रहा है कि मस्जिद कमेटी के मकान निर्माण और रास्ते में गेट निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनातनी थी। बुधवार को इसी बात पर फिर बहस शुरू हुई। लईक बीच-बचाव करने पहुंचा था, लेकिन आरोप है कि विवाद में उसे ही निशाना बना लिया गया। परिजन का कहना है कि मामूली विवाद को इस तरह खूनी संघर्ष में बदल देना बेहद गंभीर है।
बेटे ने पांच लोगों के नाम बताकर लगाए हत्या के आरोप
मृतक के बेटे ने भैया, अयान, बड्डू खां, नौशाद और सलीम के नाम बताते हुए उन पर पिता को घेरकर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं लईक की बड़ी अम्मी ने रोते हुए आरोप लगाया कि बड्डू के सलीम के बेटे ने चाकू से वार किया। परिवार का कहना है कि हमले में कई लोग शामिल थे और सभी ने मिलकर लईक को संभलने तक का मौका नहीं दिया। हालांकि, आरोपियों की भूमिका और हमले में शामिल लोगों की वास्तविक संख्या की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
बड़े अब्बा ने भी पहले मारपीट का लगाया आरोप
लईक के बड़े अब्बा का कहना है कि वह करीब 25 साल से उसकी देखभाल कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विवादित पक्ष के लोगों ने पहले भी उनके साथ मारपीट की थी, जिसमें उन्हें 40 से 50 टांके आए थे। उनके मुताबिक, मकान के अतिक्रमण को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। हालांकि, परिवार का दावा है कि हाल के दिनों में कोई बड़ा विवाद नहीं था। बुधवार को गेट निकालने की बात पर हुई कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।
ये भी पढ़ें: डिंडौरी में मुआवजे के 5 लाख रुपए लेकर SP कार्यालय पहुंचीं चार बहनें, जीजा पर हिस्सेदारी नहीं देने का आरोप
मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के समय लईक की मां ग्वालियर गई हुई थीं। पिता भी घर पर मौजूद नहीं थे। अस्पताल में मौत की खबर पहुंचते ही परिजन बदहवास हालत में पहुंचे। मां का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार यही कहती रहीं कि उनके बेटे को मार डाला। बड़ी अम्मी ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में परिजन और परिचित जमा हो गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मंडी पुलिस को माता मंदिर के पास रहने वाले लईक कुरैशी (45) के विवाद में घायल होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी में तीन-चार लोगों से विवाद और एक व्यक्ति द्वारा छुरी से हमला किए जाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था और बुधवार को फिर कहासुनी के बाद आवेश में वारदात हुई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। सड़क पर फैले खून के नमूने भी एकत्र किए गए। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी निगाहें
सीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एक अन्य प्रारंभिक जानकारी में एक आरोपी को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि और भूमिका स्पष्ट होना बाकी है। पुलिस अब प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के आरोपों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।






















