भारत पर 25% टैरिफ लगाने की तैयारी में अमेरिका, ट्रंप प्रशासन की नई योजना में 7 देश शामिल

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत सहित सात देशों से आयात होने वाले सामान पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव पेश किया है। इस कदम के जरिए अमेरिका उन देशों की औद्योगिक उत्पादन क्षमता पर अंकुश लगाना चाहता है, जहां बाजार की वास्तविक मांग के मुकाबले उत्पादन अधिक होने का आरोप लगाया गया है। अमेरिकी समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) की प्रस्तावित योजना में भारत के अलावा कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड शामिल हैं। इन सभी देशों के उत्पादों पर अधिकतम 25 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगाने की बात कही गई है।
16 अर्थव्यवस्थाओं की जांच के बाद अमेरिका ने तैयार किया प्रस्ताव
अमेरिका का यह प्रस्ताव 16 अर्थव्यवस्थाओं में कथित अनुचित व्यापार गतिविधियों की आठ महीने तक चली जांच के बाद सामने आया है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि कुछ देशों में औद्योगिक उत्पादन घरेलू और वैश्विक बाजार की मांग से काफी अधिक है। इससे अमेरिकी कंपनियों को प्रतिस्पर्धा में नुकसान उठाना पड़ता है। भारत पर प्रस्तावित शुल्क 14 व्यापारिक साझेदार देशों को शामिल करने वाली व्यापक टैरिफ योजना का हिस्सा है।
USTR के अनुसार, जिन देशों में विनिर्माण क्षेत्र की जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता को सरकारी नीतियों के जरिए बढ़ावा दिया जाता है या बरकरार रखा जाता है, उनके खिलाफ ये शुल्क प्रस्तावित किए गए हैं। अमेरिकी पक्ष का मानना है कि ऐसी गतिविधियां उसके घरेलू कारोबार पर अतिरिक्त दबाव डालती हैं और व्यापार में बाधाएं पैदा करती हैं।
ट्रंप प्रशासन की जांच में औद्योगिक उत्पादन क्षमता पर नजर
अमेरिकी जांच का प्रमुख मुद्दा स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी यानी संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता है। इसका आशय ऐसी औद्योगिक व्यवस्था से है, जिसमें किसी देश की उत्पादन क्षमता बाजार की वास्तविक मांग से काफी अधिक हो जाती है। अमेरिकी अधिकारियों ने इस स्थिति के लिए औद्योगिक नीतियों, सरकारी सब्सिडी और ऐसी सप्लाई चेन को जिम्मेदार ठहराया है, जिनमें गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं से जुड़े कलपुर्जों का इस्तेमाल होता है।इस जांच के दायरे में भारत के साथ जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ जैसे बड़े विनिर्माण केंद्रों को भी रखा गया है। इनमें से कई देश अमेरिका के व्यापारिक सहयोगी भी हैं।
चीन पर 40% और वियतनाम पर 35% तक टैरिफ का प्रस्ताव
चीन को सबसे कड़े प्रस्ताव का सामना करना पड़ सकता है, जिसके तहत नई योजना के अनुसार उस पर 40 प्रतिशत तक का शुल्क लगाया जा सकता है। वियतनाम पर 35 प्रतिशत तक का शुल्क लग सकता है, जबकि यूरोपीय संघ के 27 देशों के समूह, जापान, स्विट्जरलैंड, सिंगापुर और बांग्लादेश के लिए 20 प्रतिशत तक का शुल्क प्रस्तावित है।




















