आदिवासी महिलाओं से लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे ने कहा-लाड़ली बहना के पैसों से अंडे, मुर्गा-मछली खाओ, वोट भाजपा को दो

बालाघाट। लांजी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विधायक आदिवासी महिलाओं से लाड़ली बहना योजना की राशि को लेकर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वे महिलाओं को योजना के पैसों से अंडे, मुर्गा और मछली खाने की सलाह देते हैं। इसी बातचीत में वोट भाजपा को ही देने की बात भी सामने आई है। वीडियो सामने आने के बाद उनके बयान को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
वाहन रुकवाकर महिलाओं से की बात
बताया गया है कि मंगलवार शाम विधायक राजकुमार कर्राहे आलीटोला में आयोजित रानी तिलका देवी के मेले से लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें कुछ आदिवासी महिलाएं और बच्चे भोजन करते दिखाई दिए। विधायक ने अपना वाहन रुकवाया और उनके पास पहुंचकर बातचीत शुरू की। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि उन्हें लाड़ली बहना योजना की राशि मिल रही है या नहीं। महिलाओं ने राशि मिलने की बात कही तो विधायक ने कहा कि इस पैसे से खूब अंडे खाओ, मुर्गा खाओ और मछली खाओ, इससे शरीर स्वस्थ रहेगा। भाजपा को वोट दो।
ये भी पढ़ें: रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का नया दावा, बोले- 95% घरों में कोई न कोई नशे की गिरफ्त में; लड़कियां भी हो रहीं प्रभावित
विधायक बोले- शराब नहीं, पानी पीयो
वीडियो वायरल होने के बाद विधायक कर्राहे ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनका उद्देश्य महिलाओं को अच्छा भोजन करने और स्वस्थ रहने की सलाह देना था। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान महिलाओं से यह भी कहा था कि पानी पीयो और शराब मत पीयो, लेकिन वीडियो रिकॉर्डिंग में बातचीत का आखिरी हिस्सा नहीं आ पाया। विधायक का कहना है कि उन्होंने स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर यह बात कही थी। वहीं, वीडियो में लाड़ली बहना योजना की राशि से खानपान की सलाह के साथ भाजपा को वोट देने की बात भी सामने आने से मामला चर्चा में है।
आम आदमी पार्टी छोड़कर आए थे भाजपा में
गौरतलब है कि राजकुमार कर्राहे ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भाजपा से की थी। बाद में पार्टी में अनदेखी से नाराज होकर वे आम आदमी पार्टी में चले गए थे। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उनकी भाजपा में वापसी हुई और पार्टी ने उन्हें लांजी से टिकट दिया। उनके प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा के पूर्व विधायक और समर्थकों ने विरोध भी किया था।
ये भी पढ़ें: BJP सांसद जनार्दन मिश्रा की एलन मस्क को धमकी! बोले- ‘दो घूंसा मारब त मस्क भाग जई’, VIDEO वायरल




















