Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महादेव सट्टा नेटवर्क पर CBI का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर रेड, किराए के खातों से विदेश भेजते थे करोड़ों

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट के बाद देशभर में छापेमारी, कई जगह लाइव सट्टा पैनल पकड़े गए; मोबाइल, डिजिटल डिवाइस और अहम दस्तावेज जब्त,महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी की। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट के बाद कई जगह लाइव सट्टा पैनल पकड़े गए। जांच में किराए के बैंक खातों से रकम जमा कर हवाला के जरिए विदेश भेजने का नेटवर्क सामने आया है।
महादेव सट्टा नेटवर्क पर CBI का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर रेड, किराए के खातों से विदेश भेजते थे करोड़ों

रायपुर:  महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI ने देशभर में फैले सट्टेबाजी नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा कसा है। महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर जांच एजेंसी ने 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई स्थानों पर लाइव ऑनलाइन सट्टा और जुए के पैनल चलते मिले, जिन्हें CBI ने मौके पर ही बंद करा दिया। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सट्टे की रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों में जमा होती थी और बाद में हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी।

6 राज्यों में 33 ठिकानों पर CBI की एक साथ रेड

महादेव ऑनलाइन बुक मामले में CBI ने सट्टा पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क को निशाने पर लेते हुए कई शहरों में एक साथ कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान जांच अधिकारियों को कई जगह लाइव सट्टा और जुए के पैनल संचालित होते मिले। CBI ने इन पैनलों को तत्काल बंद कराया। मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी अब इन डिजिटल साक्ष्यों के जरिए सट्टेबाजी के नेटवर्क, उसके संचालकों और पैसों के लेन-देन की कड़ियां जोड़ रही है।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर पर ED का शिकंजा,19 नवंबर तक बढ़ा रिमांड,अमेरिकी कंपनी खरीदने में लगाए 766 करोड़

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद खुला नेटवर्क

CBI के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। उसे 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। भारत आने के बाद CBI ने उसे गिरफ्तार कर रायपुर की विशेष अदालत से 8 दिन की पुलिस रिमांड हासिल की थी। पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को ऐप के संचालन के तरीके, पैनल ऑपरेटरों और देशभर में फैले सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिले। इन्हीं जानकारियों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में छापेमारी की गई।

रायपुर से मुंबई तक, इन शहरों में CBI की दबिश

CBI की कार्रवाई छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में की गई। जिन शहरों में छापेमारी की जानकारी सामने आई है, उनमें शामिल हैं:

छत्तीसगढ़: रायपुर, दुर्ग

पंजाब: अमृतसर

दिल्ली: नई दिल्ली

राजस्थान: नागौर, धौलपुर

मध्यप्रदेश: भोपाल, इंदौर

गुजरात: अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत

महाराष्ट्र: मुंबई, नागपुर

छापेमारी में मिले डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों की जांच से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की उम्मीद है।



किराए के बैंक खातों में जमा होती थी सट्टे की रकम

जांच में सामने आया है कि महादेव ऐप का नेटवर्क विदेश में बैठे लोगों के जरिए संचालित किया जा रहा था। भारत में अलग-अलग पैनल ऑपरेटर इस नेटवर्क को आगे बढ़ाते थे। पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते और उनसे सट्टेबाजी की रकम वसूलते थे। इस पैसे को दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों या किराए पर लिए गए खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद रकम को हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजने का आरोप है। CBI अब इस पूरे वित्तीय नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा मामले में रायपुर कोर्ट ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड में भेजा जेल

19 नवंबर तक जेल में था सौरभ, अब ED की कस्टडी

CBI की 8 दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया था। वहीं, शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे गिरफ्तार कर 7 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर लिया। अब ED भी उससे महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित अवैध कमाई को लेकर पूछताछ कर रही है।

विदेश में बैठे आरोपियों तक पहुंचेगी जांच

CBI के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले की जांच एजेंसी को सौंपी थी, जिसके बाद दो FIR दर्ज की गई थीं। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए विदेश में बैठे आरोपियों, सट्टा नेटवर्क के संचालन में मदद करने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए दूसरे देशों के साथ कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर पर CBI-ED आमने-सामने, कोर्ट में रिमांड पर घमासान

बैंक खाता या सिम देना पड़ सकता है भारी

CBI ने आम लोगों को भी ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहने की चेतावनी दी है। एजेंसी के मुताबिक, किसी दूसरे व्यक्ति को सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराना भी कानूनी कार्रवाई की वजह बन सकता है। इसलिए अनजान लोगों को बैंक खाता, OTP, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज देना भारी पड़ सकता है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts