सीहोर में 10 दिन से लापता परिवार का सुराग नहीं, झाड़ियों में मिली बाइक; जांच में जुटी पुलिस
सीहोर। डीआईजी राजेश चंदेल खुद घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर जांच की कमान संभाली। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की परतें खोलने में जुटी हैं। एएसपी प्रशांत चौबे ने भी संकेत दिए हैं कि आज शाम या कल तक पुलिस को कोई बड़ा सुराग मिल सकता है।
नाले की झाड़ियों में मिली बाइक
लापता परिवार की तलाश के दौरान सुरेश दांगी की बाइक गांव के ही निवासी मोहन दांगी के खेत के पास नाले के किनारे झाड़ियों में मिली। बाइक का लॉक लगा हुआ था। उसके आसपास दो टिफिन भी बरामद हुए, जिनमें रखी रोटियों पर फफूंद लग चुकी थी। मौके से हंसिया और लोटा भी मिला। इन वस्तुओं की बरामदगी ने पुलिस जांच को नई दिशा दे दी है। लापता सुरेश की बेटी किरण दांगी ने मौके पर मिले सामान की पहचान अपने पिता से संबंधित वस्तुओं के रूप में की है। हालांकि, बाइक और अन्य सामान वहां किस परिस्थिति में पहुंचा तथा परिवार के लापता होने से इसका क्या संबंध है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
डीआईजी ने मौके पर पहुंचकर संभाली जांच की कमान
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी राजेश चंदेल ने स्वयं खाईखेड़ा पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने किरण दांगी और अन्य परिजनों से करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा कर उनकी बात सुनी। परिवार के लापता होने से जुड़े घटनाक्रम, संदेह और अब तक सामने आए तथ्यों की जानकारी ली। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी संभावित पहलू को नजरअंदाज न किया जाए। जांच में तेजी लाकर लापता परिवार का पता लगाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाए।
इस दौरान एसपी सोनाक्षी सक्सेना, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीओपी प्रेमनारायण गोयल, अहमदपुर थाना प्रभारी बीएल त्यागी और साइबर सेल की टीम भी जांच में सक्रिय रही।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बाइक और अन्य सामान मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम ने नाले के किनारे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया। इससे पहले टीम लापता परिवार के घर भी पहुंची थी, जहां मिले लाल रंग के निशान का सैंपल जांच के लिए लिया गया था। अब बाइक के आसपास मिले सामान और घटनास्थल की परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद वस्तुएं कितने समय से वहां पड़ी थीं और उनका लापता परिवार से क्या संबंध है।
मोबाइल की आखिरी लोकेशन ने बढ़ाई जांच की चुनौती
पुलिस की शुरुआती जांच में लापता दंपती के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन विदिशा जिले के बेरसिया क्षेत्र में सामने आने की जानकारी मिली है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच का दायरा बढ़ाया है। खाईखेड़ा और आसपास के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिवार की आवाजाही, बाइक की गतिविधियों और संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़े हर इनपुट को जोड़कर घटनाक्रम की कड़ियां तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।
मामा पर संदेह, पुलिस कर रही पूछताछ
लापता परिवार की बेटी किरण दांगी ने अपने मामा डालचंद और चंदन सिंह पर घटना में शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस इन आरोपों को भी जांच के दायरे में रखकर पूछताछ कर रही है। दूसरी ओर, संदेह के दायरे में आए डालचंद ने गुरुवार को पुलिस को आवेदन देकर झूठे मामले में फंसाए जाने की आशंका जताई थी। उसने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया था। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आरोपों की पुष्टि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही होगी। फिलहाल सभी संबंधित लोगों से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंचा मामला
परिजनों द्वारा मुख्यमंत्री, सीएम हेल्पलाइन, एसपी, एसडीएम और एसडीओपी सहित विभिन्न अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद जब परिवार का पता नहीं चला तो मामला राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंचा। आयोग की पूर्व जांच समिति सदस्य एवं सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता प्रिया ठाकुर ने मामले का संज्ञान लेते हुए परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने आईजी देहात रुचिवर्धन मिश्र से भी चर्चा की और संबंधित दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे। प्रिया ठाकुर ने डीआईजी राजेश चंदेल से मुलाकात के बाद बताया कि अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से सुना है और किरण का पक्ष भी जाना है।
80 हजार तक इनाम की घोषणा
लापता माता-पिता की तलाश के लिए प्रमुख स्थानों पर पोस्टर लगाए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी के पास परिवार के संबंध में कोई ठोस जानकारी हो तो पुलिस को उपलब्ध कराएं। लापता परिवार की जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए परिजनों ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से भी 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। इस तरह कुल 80 हजार रुपये तक की इनामी राशि की बात सामने आई है। परिवार के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कराने और अखबारों में इश्तिहार प्रकाशित कराने की तैयारी भी की जा रही है।
एएसपी बोले- बहुत जल्द मिल सकता है बड़ा सुराग
एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार जांच कर रही हैं। हर पहलू पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल से मिले सामान की जांच की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि जांच में सब कुछ अनुकूल रहा तो कल तक कोई बड़ा सुराग हाथ लग सकता है। फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस लापता सुरेश दांगी, उनकी पत्नी ओमवती और बेटे राजेश को तलाशने तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने पर है।






















