Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इजरायल की लेबनान पर फिर बमबारी, 27 की मौत; 69 घायल, बच्चों-महिलाओं समेत मेडिकल स्टाफ भी चपेट में

इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में फिर हवाई हमले किए। पिछले तीन दिनों में 27 लोगों की मौत और 69 घायल हुए हैं। बच्चों, महिलाओं और मेडिकल स्टाफ भी हमले की चपेट में आए।
इजरायल की लेबनान पर फिर बमबारी, 27 की मौत; 69 घायल, बच्चों-महिलाओं समेत मेडिकल स्टाफ भी चपेट में

इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में लगातार हवाई हमले किए हैं। लेबनान के पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन्स सेंटर के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में हुए इन हमलों में कम से कम 27 लोगों की मौत हुई है, जबकि 69 लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे, महिलाएं और मेडिकल स्टाफ भी शामिल हैं।

तीन दिनों में 27 लोगों की मौत

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान में पिछले तीन दिनों से इजरायली हमले जारी हैं। इन हमलों में अब तक 27 लोगों की जान जा चुकी है और 69 लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य केंद्र के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक इजरायली हमलों में 4,381 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12,402 लोग घायल हुए हैं। वहीं, 8 अक्टूबर 2023 से अब तक इजरायली हमलों में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8,948 हो गया है। इस दौरान 30,638 लोग घायल हुए हैं।

ड्रोन हमले के बाद इजरायल का पलटवार

इजरायल डिफेंस फोर्स यानी IDF ने रविवार सुबह दक्षिणी लेबनान में हमले शुरू करने की जानकारी दी थी। IDF का आरोप है कि हिज्बुल्लाह के लड़ाकों ने दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में अभियान चला रहे इजरायली सैनिकों पर ड्रोन हमले की कोशिश की। IDF के मुताबिक, हिज्बुल्लाह ने सैनिकों की ओर दो ड्रोन भेजे थे। इजरायली सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक ड्रोन को मार गिराया। इस घटना में किसी इजरायली सैनिक के घायल होने की सूचना नहीं दी गई। IDF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि ड्रोन हमले की कोशिश समझौते का खुला उल्लंघन थी और इसी के जवाब में दक्षिणी लेबनान में सैन्य कार्रवाई की गई।

हिज्बुल्लाह के ठिकानों और हथियारों के भंडार को बनाया निशाना

इजरायल का दावा है कि जवाबी कार्रवाई के दौरान हिज्बुल्लाह के लड़ाकों और हथियारों के भंडारण वाले ठिकानों को निशाना बनाया गया। IDF के अनुसार, इन ठिकानों का इस्तेमाल इजरायली सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ हमलों की योजना बनाने और उन्हें निर्देशित करने के लिए किया जा रहा था। IDF ने कहा कि इन ठिकानों पर कार्रवाई का मकसद तत्काल खतरे को खत्म करना था। इससे पहले पिछले सप्ताह भी इजरायली सेना ने अली अल-ताहर रिज इलाके में हिज्बुल्लाह के एक भूमिगत ढांचे को निशाना बनाकर उसे निष्क्रिय करने का दावा किया था। दक्षिणी लेबनान में ताजा हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इन हमलों के बीच समझौते के उल्लंघन को लेकर इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts