नेपाल में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा! नुवाकोट में मचा हड़कंप, लोगों को इलाका छोड़ने की चेतावनी

नेपाल में पिछली बाढ़ से तबाही का असर अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ गई है। नुवाकोट जिले के धुंडे बाजार और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। खतरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोगों को तुरंत सुरक्षित जगहों पर जाने की चेतावनी दी है। अधिकारियों के मुताबिक, ऊपर की तरफ से पानी आने के बाद अगले 20 से 25 मिनट में बाढ़ का पानी इलाके तक पहुंच सकता है। इसके बाद प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को वहां से हटाना शुरू कर दिया।
घर-दुकान खाली करने की अपील
धुंडे बाजार में पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटी हैं। इलाके में अनाउंसमेंट कर लोगों से घर और दुकानें खाली करने की अपील की जा रही है। पुलिस लोगों को बार-बार चेतावनी दे रही है कि हालात को हल्के में न लें और समय रहते सुरक्षित जगह पर चले जाएं। नदी किनारे मौजूद लोगों को प्राथमिकता के आधार पर वहां से हटाया जा रहा है।
अचानक बढ़ सकता है नदी का पानी
स्थानीय अधिकारियों को आशंका है कि ऊपर के इलाकों से पानी आने या किसी प्राकृतिक घटना की वजह से नदी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। अधिकारियों ने इस संभावित बाढ़ को गंभीर बताया है। यही वजह है कि खतरे वाले इलाकों में एहतियात के तौर पर तुरंत लोगों की निकासी शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: नेपाल में सेना का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, त्रिशूली हाइड्रोपावर की टनल में फंसे 350 लोग सुरक्षित बाहर निकाले
पिछली बाढ़ से पहले ही प्रभावित है नुवाकोट
नुवाकोट उन इलाकों में शामिल है, जो हाल की भोटेकोशी-त्रिशूली बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए थे। बाढ़ के कारण कई सड़कें और पुल पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और राहत-बचाव का काम अभी जारी है। ऐसे में एक बार फिर तेज बाढ़ का खतरा सामने आने से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटा हुआ है।
चीन की तरफ भी बढ़ा पानी का खतरा
नेपाल में बाढ़ के बीच चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक, ग्यिरोंग बॉर्डर पोर्ट के ऊपर की तरफ बनी एक डैम्ड लेक अब ओवरफ्लो होने लगी है। स्थानीय जिला अधिकारी को जानकारी मिली है कि झील का पानी किनारा पार कर चुका है और नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। झील में पानी बढ़ने को लेकर पहले से ही चिंता जताई जा रही थी। अब पानी नीचे की तरफ बहने से डाउनस्ट्रीम इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
ये भी पढ़ें: नेपाल में फिर बाढ़ का खतरा! तिब्बत में बांध टूटने के बाद नया अलर्ट, लोगों को सुरक्षित जगह जाने की सलाह
करीब डेढ़ घंटे के लिए रोका गया रेस्क्यू
बढ़ते खतरे को देखते हुए नेपाली सेना ने एहतियात के तौर पर करीब 1 घंटे 30 मिनट के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया है। राहत और बचाव टीमों को फिलहाल बेहद सावधानी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर और आसपास के हालात पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल सबसे ज्यादा जोर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और किसी भी तरह के बड़े नुकसान को रोकने पर है।




















