Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

9 साल की उम्र में बनाया पहला वीडियो, 16 में पुतिन के साथ सेल्फी! जानिए भारत के AI किड राउल जॉन अजू की कहानी

केरल के रहने वाले 16 साल के राउल जॉन अजू ने अपनी मेहनत और हुनर से दुनियाभर में पहचान बनाई है। मॉस्को में AI Journey 2026 के दौरान उनकी मुलाकात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई। राउल ने पुतिन के साथ सेल्फी भी ली और सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा किया। उनकी यह उपलब्धि भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
9 साल की उम्र में बनाया पहला वीडियो, 16 में पुतिन के साथ सेल्फी! जानिए भारत के AI किड राउल जॉन अजू की कहानी
राउल जॉन अजू ने पुतिन संग ली सेल्फी

रूस। कहते हैं कि सपने देखने की कोई उम्र नहीं होती और केरल के रहने वाले राउल जॉन अजू ने इसे सच कर दिखाया है। महज 16 साल की उम्र में राउल ने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जहां पहुंचने का सपना कई लोग देखते हैं। भारत के इस युवा AI इनोवेटर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी भी ली। उनकी यह तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हो रही है। खास बात यह है कि राउल ने महज 9 साल की उम्र में वीडियो बनाना शुरू किया था।

9 साल की उम्र में शुरू हुआ था सफर

राउल जॉन अजू का सफर किसी आम बच्चे जैसा नहीं रहा। उन्हें बचपन से ही वीडियो बनाने और नई चीजें सीखने का शौक था। महज 9 साल की उम्र में उन्होंने बाथरूम में अपना पहला वीडियो बनाया था। उस समय शायद उन्होंने भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन उनका यही शौक उन्हें दुनिया के बड़े नेताओं और तकनीक के जानकारों से मिलने का मौका देगा। आज राउल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वह नई तकनीक से जुड़े टूल बनाते हैं और लोगों को AI के बारे में जानकारी भी देते हैं।

पुतिन के साथ सेल्फी लेकर हुए हैरान

26 नवंबर 2026 को मॉस्को में आयोजित AI Journey 2026 कॉन्फ्रेंस में राउल को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने का मौका मिला। इस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की। राउल ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 9 साल की उम्र में बाथरूम में पहला वीडियो बनाने से लेकर 16 साल की उम्र में राष्ट्रपति पुतिन के साथ सेल्फी लेने तक का सफर उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। उन्होंने इस खास पल को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। एक दूसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि वह अभी भी इस मुलाकात को समझने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें अभी बहुत कुछ सीखना और करना है।

चीन ने कर दिखाया कमाल! 60 KM लंबी मेट्रो लाइन में 37 स्टेशन, बिना ड्राइवर खुद चलेंगी ट्रेनें

AI की दुनिया में बना चुके हैं पहचान

राउल AIRealm Technologies के फाउंडर और CTO हैं। वह इस कंपनी के जरिए AI से जुड़े नए टूल और तकनीक तैयार करने पर काम करते हैं। उनकी प्रोफाइल के अनुसार, वह अब तक करीब 15 AI टूल बना चुके हैं और लगभग 5 लाख लोगों को AI की ट्रेनिंग दे चुके हैं। उनके प्रोजेक्ट्स में JustEase और Rescue AI भी शामिल हैं। JustEase को केरल सरकार के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इसका मकसद लोगों को मुश्किल समय में सही जानकारी देने में मदद करना है। वहीं Rescue AI के जरिए लोगों को इमरजेंसी, कानून और कानूनी मदद से जुड़ी जानकारी देने की कोशिश की गई है।

माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय

राउल ने अपनी पोस्ट में इस सफर में साथ देने वाले लोगों का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने अपने माता-पिता, दोस्तों और AI Journey की टीम को धन्यवाद दिया। राउल ने बताया कि उनके परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया और आगे बढ़ने के लिए हौसला दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पिता भी उनके साथ काम करते हैं। राउल ने अपनी पढ़ाई के साथ AI के क्षेत्र में काम करना जारी रखा है। वह केरल के नॉर्थ एडापल्ली GHSS में कॉमर्स के छात्र रहे हैं।

पुतिन से दोस्ती क्यों जरूरी मान रहे ट्रंप? रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए बताया अपना प्लान

पहले भी बड़े मंच पर दिखा चुके हैं हुनर

राउल इससे पहले 2026 में दिल्ली में आयोजित India AI Impact Summit में भी शामिल हुए थे। यहां उनकी मुलाकात संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से हुई थी। उन्होंने युवाओं के लिए AI के बढ़ते मौके और इस तकनीक के इस्तेमाल पर बातचीत की थी। राउल की कहानी बताती है कि कम उम्र में भी मेहनत और सीखने की इच्छा से बड़ी पहचान बनाई जा सकती है। नौ साल की उम्र में वीडियो बनाने वाला यह बच्चा आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम रोशन कर रहा है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts