Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बालाघाट: मां की आंखों के सामने 400 मीटर तक बच्चे को घसीट ले गया बाघ, अस्पताल में मौत

बालाघाट के लालबर्रा वन परिक्षेत्र में बांस कटाई के दौरान बाघ के हमले में 12 वर्षीय सौरव मरकाम की मौत हो गई। बाघ बच्चे को जबड़े में दबाकर करीब 300 से 400 मीटर तक घसीटता रहा। मजदूरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद मजदूरों और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। वन विभाग ने परिजनों को 8.50 लाख रुपये की सहायता देने की बात कही है।
बालाघाट: मां की आंखों के सामने 400 मीटर तक बच्चे को घसीट ले गया बाघ, अस्पताल में मौत
बालाघाट। बाघ के हमले में घायल 12 साल के सौरव को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

बालाघाट। मां और परिवार के दूसरे सदस्य बांस कटाई में जुटे थे। 12 साल का सौरव पास में ही खेल रहा था। तभी अचानक जंगल से निकले बाघ ने उसे गर्दन से जबड़े में दबोच लिया और जंगल की ओर भागने लगा। मां बुद्धुबाई की नजर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया और दूसरे मजदूरों के साथ बाघ के पीछे दौड़ीं। करीब 300 से 400 मीटर तक बच्चे को घसीटने के बाद बाघ उसे छोड़कर जंगल में भाग गया। गंभीर रूप से घायल सौरव को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दिल दहला देने वाली यह घटना शुक्रवार दोपहर बालाघाट के लालबर्रा वन परिक्षेत्र के कल्याणपुर बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक 427 की है।

परिवार 15 दिन से बांस कटाई के लिए गया था लालबर्रा

मृतक की पहचान सौरव पिता सुखचंद मरकाम (12) के रूप में हुई है। उसका परिवार बैहर-परसवाड़ा क्षेत्र के कुमादेही कलेगांव का रहने वाला है। परिवार पिछले 15 दिनों से बांस कटाई के काम के लिए लालबर्रा वन परिक्षेत्र में आया हुआ था। शुक्रवार को सुखचंद और परिवार के दूसरे सदस्य बांस काट रहे थे, जबकि महिलाएं बांस के बंडल बांध रही थीं। इसी दौरान सौरव पास में खेल रहा था। अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया।

गमछे से बांधा गला, बाइक से नाके तक ले गए

बाघ के बच्चे को छोड़कर भागने के बाद मजदूरों ने तत्काल उसके गले में गमछा बांधकर खून रोकने की कोशिश की। इसके बाद मोटरसाइकिल से उसे टेकाड़ी नाका तक ले जाया गया। वहां से वाहन की मदद से लालबर्रा अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण सौरव की जान नहीं बचाई जा सकी। परिवार के लिए यह घटना ऐसा सदमा बन गई, जिसने उनकी दुनिया उजाड़ दी। सौरव की मां बुद्धुबाई मरकाम के मुताबिक, परिवार करीब 15 दिन पहले बांस कटाई के काम के लिए यहां आया था। पति सुखचंद, बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य साथ में थे। काम के दौरान बच्चे आसपास ही रहते थे। शुक्रवार को भी परिवार के लोग काम कर रहे थे और सौरव पास में खेल रहा था। इसी बीच बाघ ने हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें: आदिवासी महिलाओं से लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे ने कहा-लाड़ली बहना के पैसों से अंडे, मुर्गा-मछली खाओ, वोट भाजपा को दो

कूप कटाई में बच्चों की मौजूदगी, सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वन्यजीव प्रेमी सिकंदर मिश्रा ने अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि कूप कटाई के दौरान मजदूरों के साथ बच्चों की मौजूदगी की जानकारी विभाग को थी। इसके बावजूद बच्चों और मजदूरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। उनका कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी के बावजूद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी नहीं थी। उन्होंने पहले भी कूप कटाई नहीं कराने की मांग उठाई थी, लेकिन विभाग ने ध्यान नहीं दिया।

वन विभाग का दावा-मजदूरों को पहले ही दी थी समझाइश

लालबर्रा के परिक्षेत्र अधिकारी वेदांत मरकाम ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 3:15 बजे के बीच घटना की सूचना मिली थी। विभाग की ओर से मजदूरों को पहले ही समझाइश दी गई थी कि बच्चों को काम वाली जगह से अलग रखें। घटना के समय कूप प्रभारी और सुरक्षा श्रमिक भी मौजूद थे। विभाग मामले की स्थिति के अनुसार कार्रवाई कर रहा है।

ये भी पढ़ें: बालाघाट के खेत में भूसे के नीचे मिलीं 3 बोरियां, नागपुर लूटकांड की 4 करोड़ से ज्यादा नकदी बरामद

परिवार को 8.50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता

परिक्षेत्र अधिकारी वेदांत मरकाम के अनुसार, नियमानुसार मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। इसके अतिरिक्त 8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। इस तरह परिवार को कुल 8.50 लाख रुपए की सहायता मिलने की बात कही गई है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts