सोहागपुर में एसडीएम ने एचपी गैस एजेंसी का किया निरीक्षण, 23,650 उपभोक्ताओं के कनेक्शन और सिलेंडर स्टॉक की जांच
सोहागपुर। एसडीएम डॉ. बबीता राठौर ने शुक्रवार को सोहागपुर स्थित एचपी गैस एजेंसी का आकस्मिक निरीक्षण कर गैस सिलेंडरों के स्टॉक, उपभोक्ताओं की संख्या, आवक-जावक और एजेंसी की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस एजेंसी संचालक प्रतिपाल सिंह खनूजा एवं कर्मचारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने घरेलू एवं व्यावसायिक गैस उपभोक्ताओं की संख्या, 5 किलो, 14 किलो 200 ग्राम तथा 19 किलो के सिलेंडरों की उपलब्धता, स्टॉक की स्थिति, सिलेंडरों की आवक-जावक, ग्राहक पंजी, एजेंसी में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या, उनकी सेवाअवधि एवं वेतन संबंधी जानकारी ली। साथ ही गैस गोदाम में रखे खाली एवं भरे सिलेंडरों की वास्तविक संख्या का पोर्टल पर दर्ज स्टॉक से मिलान भी किया।
गैस एजेंसी की ओर से मनीष चौबे ने एसडीएम को बताया कि एजेंसी में कुल 23,650 उपभोक्ता दर्ज हैं, जिनके गैस कनेक्शन चालू अवस्था में हैं। इनमें 23,500 घरेलू उपभोक्ता तथा 150 व्यावसायिक उपभोक्ता शामिल हैं। कर्मचारियों ने गैस सिलेंडरों एवं रेगुलेटर के स्टॉक सहित एजेंसी की व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई।
नियमित निरीक्षण की व्यवस्था पर भी चर्चा
एसडीएम डॉ. बबीता राठौर ने चर्चा के दौरान बताया कि उन्हें प्रत्येक शुक्रवार नियमित निरीक्षण के लिए किसी न किसी संस्थान या विभाग में जाना होता है। इस रूटीन निरीक्षण के तहत वह हर सप्ताह अलग-अलग विभागों एवं संस्थानों का निरीक्षण करने का प्रयास करती हैं। इनमें अस्पताल, आंगनवाड़ी, स्कूल, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप, छात्रावास, महाविद्यालय तथा विभिन्न सरकारी कार्यालय शामिल हैं।
सोहागपुर का रेवा-बनखेड़ी मार्ग अंधेरे में डूबा, बिना स्ट्रीट लाइट के डिवाइडर बन रहे हादसों की वजह
दो दशक से अधिक सेवाएं दे रहे कर्मचारियों की सराहना
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गैस एजेंसी में कार्यरत कर्मचारियों से उनकी सेवाअवधि के बारे में जानकारी ली। लंबे समय से एजेंसी में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
एसडीएम ने एजेंसी संचालक प्रतिपाल सिंह खनूजा से कहा कि यह अच्छी बात है कि उनकी एजेंसी में दो-दो दशक से अधिक समय तक सेवाएं देने वाले कर्मचारी कार्यरत हैं। इससे संस्था की विश्वसनीयता, कर्मचारियों के साथ सामंजस्य तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण का पता चलता है। सेवाओं में स्थायित्व महत्वपूर्ण होता है, जो यहां दिखाई दे रहा है।
एसडीएम ने एजेंसी के कर्मचारियों से उनके कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली। कर्मचारियों ने अपने-अपने काउंटर पर किए जाने वाले कार्यों तथा सिस्टम में दर्ज की जाने वाली प्रविष्टियों की प्रक्रिया से एसडीएम को अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य शाखा से प्रदीप कुशवाहा, ई-गवर्नेंस से अनुराग तिवारी, गैस एजेंसी संचालक प्रतिपाल सिंह खनूजा एवं मनीष चौबे सहित अन्य उपस्थित रहे।























