Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

असम सचिवालय में अधिकारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू, जींस-टीशर्ट और चप्पल पहनने पर रोक

असम सरकार ने जनता भवन सचिवालय में अधिकारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू किया है। जींस, टी-शर्ट, लेगिंग्स और चप्पल पहनने पर रोक लगाई गई है। नियम तोड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।
असम सचिवालय में अधिकारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू, जींस-टीशर्ट और चप्पल पहनने पर रोक
असम सचिवालय में अधिकारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू

गुवाहाटी। असम सरकार ने राज्य सचिवालय 'जनता भवन' में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नई ड्रेस एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत अब कार्यालय समय और आधिकारिक कार्यक्रमों के दौरान जींस, टी-शर्ट, लेगिंग्स, ट्यूनिक और फ्लिप-फ्लॉप जैसी अनौपचारिक पोशाक पहनने की अनुमति नहीं होगी। सरकार ने यह कदम सचिवालय परिसर में अनुशासन, गरिमा और पेशेवर माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है। नए नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

ड्यूटी के दौरान अनुचित कपड़े पहनने पर जताई चिंता

सामान्य प्रशासन (सचिवालय स्थापना) विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि यह देखा गया है कि कुछ सरकारी अधिकारी ड्यूटी के दौरान ऐसे कपड़े पहनते हैं, जो देखने में उचित नहीं लगते। इससे आम जनता के बीच सरकारी कर्मचारियों की छवि प्रभावित होती है और सरकार को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। एडवाइजरी के मुताबिक जनता भवन में काम करने वाले सभी अधिकारियों पर ये नियम लागू होंगे। इसमें कैडर के आधार पर कोई छूट नहीं दी गई है। अधिकारियों को अपने आधिकारिक कामकाज और कार्यक्रमों के दौरान ऐसे कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, जो शालीनता, सभ्यता, पेशेवर व्यवहार और गंभीरता को दर्शाते हों।

पुरुष अधिकारियों के लिए फॉर्मल कपड़े अनिवार्य

नए ड्रेस कोड के तहत पुरुष अधिकारियों को केवल फॉर्मल कपड़े पहनने होंगे। इनमें फॉर्मल पैंट-शर्ट के अलावा कुर्ता, धोती-पायजामा और अन्य शालीन पारंपरिक भारतीय परिधान शामिल हैं। वहीं जींस और टी-शर्ट जैसे कैजुअल कपड़ों पर रोक लगाई गई है। यह एडवाइजरी सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव मानस ज्योति बरुआ ने जारी की है।

महिला अधिकारियों के लिए साड़ी और सलवार-सूट का विकल्प

महिला अधिकारियों को सभ्य सलवार-सूट, साड़ी और असम के पारंपरिक परिधान मेखेला-चादोर पहनने की सलाह दी गई है। वहीं जींस, टी-शर्ट, ट्यूनिक और लेगिंग्स जैसे अनौपचारिक कपड़ों को प्रतिबंधित किया गया है।

चप्पल और भड़कीले कपड़ों पर भी रोक

एडवाइजरी में सिर्फ कपड़ों ही नहीं बल्कि जूतों को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कार्यालय के माहौल के अनुरूप साफ-सुथरे और सभ्य जूते पहनने होंगे। फ्लिप-फ्लॉप यानी सामान्य चप्पल और अन्य अनौपचारिक फुटवियर से बचने को कहा गया है। इसके अलावा अधिकारियों को हल्के रंगों के साफ-सुथरे और शालीन कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। भड़कीले, पार्टी वाले या बहुत ज्यादा कैजुअल कपड़े आधिकारिक कामकाज, बैठकों और प्रशिक्षण सत्रों के दौरान नहीं पहनने होंगे।

Featured News

प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी लागू रहेगा ड्रेस कोड

सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये नियम केवल सचिवालय के रोजमर्रा के कामकाज तक सीमित नहीं रहेंगे। सचिवालय प्रशिक्षण स्कूल, असम प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज और अन्य सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों में आयोजित आधिकारिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान भी अधिकारियों को इसी ड्रेस कोड का पालन करना होगा।

असम के 15 हजार कलाकारों ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, एक साथ किया पारंपरिक लोकनृत्य; गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई उपलब्धि

नियम तोड़ने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि ड्रेस कोड का उल्लंघन गंभीरता से लिया जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इस संबंध में सभी प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ सचिवों को निर्देश भेज दिए गए हैं ताकि जनता भवन में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी नए नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts