नेपाल में फिर बाढ़ का खतरा! तिब्बत में बांध टूटने के बाद नया अलर्ट, लोगों को सुरक्षित जगह जाने की सलाह

नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई तबाही के बाद अब एक बार फिर बड़े सैलाब का खतरा मंडरा रहा है। शुक्रवार को तिब्बत की तरफ एक और बांध टूटने की खबर सामने आने के बाद नेपाल में नया अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। पहले से ही राहत और बचाव अभियान हाई अलर्ट पर चल रहा है। अब तक बाढ़ और उससे जुड़ी आपदा में 469 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 1,500 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।
नेपाली सेना ने जारी किया अलर्ट
नेपाली सेना की ओर से अलर्ट जारी कर बताया गया है कि तिब्बत की तरफ से पानी का बहाव एक बार फिर बढ़ सकता है। इसके बाद धडिंग जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। लोग अपने घरों से जरूरी सामान और खाने-पीने की चीजें लेकर ऊंचाई वाले इलाकों की तरफ जा रहे हैं। लगातार लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को खतरे की जानकारी दी जा रही है और आसपास के लोगों को भी अलर्ट करने की अपील की जा रही है।
नेपाल बाढ़ में इंसानियत शर्मसार, महिला के शव से सोने की बालियां चुराने का वीडियो वायरल
घर-दुकान खाली करा रहे सुरक्षा बल
अलर्ट के बाद धडिंग जिले में पुलिस, स्पेशल फोर्स और सशस्त्र पुलिस बल के जवान लोगों को निचले इलाकों से निकाल रहे हैं। कई घरों और दुकानों को खाली कराया गया है। बुजुर्गों और ऐसे लोगों जिन्हें खुद सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में परेशानी हो रही है, उन्हें स्ट्रेचर की मदद से ऊंचाई वाले इलाकों में ले जाया जा रहा है। अचानक मिले अलर्ट के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। लोगों को आशंका है कि अगले कुछ घंटों में पानी तेजी से नीचे की तरफ आ सकता है।
मोबाइल पर आया अचानक अलर्ट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मोबाइल फोन पर भी अचानक अलर्ट भेजा गया। इसमें चीन की तरफ बांध टूटने के बाद पानी का बहाव बढ़ने की चेतावनी दी गई। अलर्ट मिलते ही लोगों को तेजी से ऊंचाई वाले इलाकों की ओर भेजा जाने लगा। प्रशासन लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।
20 लाख घनमीटर पानी से बढ़ा खतरा
बताया जा रहा है कि प्रभावित क्षेत्र में करीब 20 लाख घनमीटर पानी जमा है। अगर इतनी बड़ी मात्रा में पानी अचानक नीचे की ओर आती है तो नेपाल के निचले इलाकों में भारी तबाही हो सकती है। आशंका जताई जा रही है कि पानी को नीचे पहुंचने में करीब ढाई से तीन घंटे लग सकते हैं। इसी वजह से सुरक्षा बलों और राहत टीमों को पहले से अलर्ट कर दिया गया है।
चीन ने भी रोका रेस्क्यू ऑपरेशन
खतरे को देखते हुए चीन की तरफ तिब्बत में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन को भी रोकने की खबर है। रेस्क्यू कर्मचारियों को करीब एक किलोमीटर पीछे हटने के लिए कहा गया है। बचाव अभियान में इस्तेमाल की जा रही गाड़ियों को भी वापस बुलाया गया है। आशंका है कि अचानक आने वाला तेज पानी रेस्क्यू टीम के लिए भी खतरा बन सकता है।
भोटेकोशी नदी पर रखी जा रही नजर
नेपाल सेना ने संभावित नए सैलाब के खतरे को देखते हुए भोटेकोशी नदी की स्थिति का जायजा लेने के लिए टीम भेजी थी। नदी क्षेत्र में पानी का स्तर और आसपास की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। नेपाल पहले ही भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। ऐसे में तिब्बत की तरफ से पानी का नया बहाव आने की आशंका ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।




















