Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ट्रंप की चेतावनी: यूरोप तक मार कर सकती हैं ईरान की मिसाइलें, शांति नहीं हुई तो परमाणु तबाही का खतरा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि ईरान की मिसाइलें यूरोप तक पहुंचने में सक्षम हैं। उन्होंने मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने की जरूरत पर जोर देते हुए आशंका जताई कि तनाव बढ़ने पर इजराइल और क्षेत्र के अन्य देशों पर परमाणु हमले का खतरा पैदा हो सकता है।
ट्रंप की चेतावनी: यूरोप तक मार कर सकती हैं ईरान की मिसाइलें, शांति नहीं हुई तो परमाणु तबाही का खतरा
डोनाल्ड ट्रंप।

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सैन्य और मिसाइल क्षमताओं को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने दावा किया कि ईरान के पास ऐसी मिसाइलें हैं, जो यूरोप तक निशाना साध सकती हैं। साथ ही उन्होंने चेताया कि मध्य पूर्व में शांति कायम नहीं होने की स्थिति में परमाणु तबाही जैसे गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने शुक्रवार को थैंक्सगिविंग के अवसर पर अमेरिकी सैनिकों से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो आवास से सैनिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने मध्य पूर्व के देशों के साथ अमेरिका के भविष्य के संबंधों पर भी अपनी राय रखी। इस दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि ईरान की मिसाइलों की पहुंच केवल मध्य पूर्व तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक ईरान यूरोप तक मिसाइल हमला करने की क्षमता रखता है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि ईरान अमेरिका तक नहीं पहुंच सकता।

मध्य पूर्व में शांति नहीं हुई तो हो सकते हैं गंभीर परिणाम

ट्रंप ने मध्य पूर्व में तनाव कम करने और शांति स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आशंका जताई कि हालात बिगड़ने पर ईरान इजरायल और क्षेत्र के दूसरे देशों के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार ऐसा होने पर पूरे क्षेत्र में परमाणु तबाही मच सकती है। उन्होंने इस खतरे का हवाला देते हुए कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना बेहद जरूरी है। 

यह भी पढ़ें: पुतिन से दोस्ती क्यों जरूरी मान रहे ट्रंप? रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए बताया अपना प्लान

ईरानी नेतृत्व पर ट्रंप का तीखा हमला

बातचीत के दौरान ट्रंप ने ईरान के राजनीतिक नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने ईरानी नेताओं को पागल करार देते हुए कहा कि अमेरिका किसी भी परिस्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। ट्रंप ने आरोप लगाया कि अगर ईरान परमाणु हथियार विकसित करने में सफल हो जाता, तो वह अमेरिकी शहरों को भी निशाना बना सकता था। उन्होंने कहा कि ईरानी नेतृत्व की सोच को देखते हुए अमेरिका इस खतरे को नजरअंदाज नहीं कर सकता। उन्होंने दोहराया कि ईरान के पास यूरोप तक हमला करने की क्षमता है, लेकिन अमेरिका पर हमला करने की क्षमता नहीं है। ट्रंप ने इसका श्रेय अमेरिका की सैन्य ताकत और उसकी रणनीतिक स्थिति को दिया। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि अमेरिका को मध्य पूर्व के सहयोगी देशों को तब तक सुरक्षा और सैन्य सहायता देते रहना चाहिए, जब तक वे अपनी रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम नहीं हो जाते।

अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत ठप

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच राजनयिक बातचीत रुकी हुई है। दोनों देशों के बीच तनाव बरकरार है और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के प्रयासों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ईरान के पास फिलहाल कोई परमाणु हथियार नहीं है और वह परमाणु अप्रसार संधि (NPT) का हस्ताक्षरकर्ता है। वहीं, हाल के घटनाक्रमों में ईरान ने मध्य पूर्व में अमेरिकी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है। बढ़ते तनाव के बीच कतर ने भी कूटनीतिक प्रयासों को जारी रखने की अपील की है। मंगलवार को कतर ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने और ऐसे कदमों से बचने का आग्रह किया, जिनसे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ सकता है। कतर का कहना है कि किसी भी ऐसी कार्रवाई से बचना चाहिए, जिससे बातचीत की संभावनाओं को नुकसान पहुंचे और मध्य पूर्व में हालात और बिगड़ें।

मध्य पूर्व का तेल नहीं, अमेरिका को क्षेत्र में शांति चाहिए

ट्रंप ने अपने संबोधन में यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका की मध्य पूर्व के तेल पर निर्भरता नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में स्थिरता और शांति बनाए रखना अमेरिकी हितों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को मध्य पूर्व के तेल की आवश्यकता नहीं है, लेकिन क्षेत्र में शांति जरूर चाहिए। उनके बयान से साफ है कि वॉशिंगटन इस क्षेत्र में स्थिरता को अहमियत देता है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts