सऊदी अरब की जाजान रिफाइनरी पर हूती हमला, नेपाली कर्मचारी की मौत; कुवैत पर ड्रोन अटैक में 2 इतालवी नागरिक मारे गए

जेद्दाह। खाड़ी क्षेत्र में एक बार फिर बढ़ते सैन्य तनाव के बीच दक्षिणी सऊदी अरब के जाजान स्थित रिफाइनरी पर हमला हुआ है। हमले के बाद एहतियातन रिफाइनरी की कुछ गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी सऊदी प्रेस एजेंसी (SPA) के मुताबिक, हमले के दौरान रिफाइनरी में आग लग गई थी। इस घटना में नेपाल के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग देशों के कई अन्य कर्मचारी घायल हुए हैं। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में घायल हुए विदेशी कर्मचारियों का उपचार जारी है। अधिकारी ने नेपाली कर्मचारी की मौत की भी पुष्टि की।
हूती विद्रोहियों पर आरोप, सैन्य जवाब की चेतावनी
सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन (यह यमन के हूती विद्रोहियों के खिलाफ अभियान चला रहा है) ने जाजान रिफाइनरी पर हमले के लिए ईरान समर्थित हूती संगठन को जिम्मेदार ठहराया है। गठबंधन ने चेतावनी दी है कि नागरिकों और नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ सख्त सैन्य कार्रवाई की जाएगी। गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मल्की ने X पर जानकारी देते हुए कहा कि जाजान रिफाइनरी को हूती आतंकवादी मिलिशिया ने निशाना बनाया था। गठबंधन ने यह दावा भी किया कि हूतियों के नियंत्रण वाले क्षेत्र में एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर को नष्ट कर दिया गया है। उसके मुताबिक, इस लॉन्चर का इस्तेमाल रिफाइनरी पर हमले के लिए किया गया था।
कुवैत ड्रोन हमले में दो इतालवी तकनीशियनों की मौत
दूसरी ओर ईरान ने कुवैत के सैन्य ठिकाने पर हुए ड्रोन हमले में अपनी भूमिका होने के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। इस हमले में एयर डिफेंस सिस्टम पर काम कर रहे दो इतालवी तकनीशियनों की मौत हुई थी। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने सीनेट में बताया कि मारे गए दोनों कर्मचारी जर्मनी की रक्षा कंपनी राइनमेटल से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि कई ड्रोनों ने कुवैत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था, जिसमें इन तकनीशियनों की जान चली गई। इससे पहले कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि हमले में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, हमले के दौरान गिरे मलबे से संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था। कुवैत में दो इतालवी तकनीशियनों की मौत के बाद यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी ईरान पर दबाव बढ़ाने की अपील की है।
अब्बास अराघची ने कुवैत और इटली से जताया दुख
घटना के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कुवैत और इटली के विदेश मंत्रियों से बातचीत की। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हमले में ईरान की किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया। अराघची ने X पर अपनी पोस्ट में इस घटना को संदिग्ध बताया। उन्होंने आशंका जताई कि यह युद्ध को लेकर पहले से तैयार की गई किसी साजिश का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए ईरान कुवैत और इटली के साथ सहयोग करने को तैयार है। वहीं, ईरानी सेना के प्रवक्ता अबोलफजल शेखार्ची ने भी हमले में ईरान की संलिप्तता के आरोपों को नकार दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ईरान की ओर से कोई सैन्य या आक्रामक कार्रवाई नहीं की गई है।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ रहा है तनाव
सऊदी अरब और कुवैत में हुई ये घटनाएं ऐसे समय सामने आई हैं, जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। सामरिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। फरवरी के अंत में ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के साथ शुरू हुआ संघर्ष अब खाड़ी के अन्य देशों तक फैलता दिखाई दे रहा है। इस दौरान क्षेत्र के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया जा रहा है।




















