इंदौर के युवक ने दिलजीत दोसांझ के सामने गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, स्टेज पर बुलाकर सिंगर बोले-भाई ने बहुत जिगरा दिखाया, Video Viral

इंदौर।पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद में हुए कॉन्सर्ट में प्यार का एक बेहद खूबसूरत पल देखने को मिला, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंदौर के रहने वाले शुभम ने करीब 50,000 लोगों के सामने अपनी गर्लफ्रेंड बिंदिया को शादी के लिए प्रपोज किया। दरअसल, 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत का ऑरा इंडिया टूर कॉन्सर्ट चल रहा था।
टी-शर्ट पर मैसेज पढ़कर दिलजीत ने शुभम को बुलाया
भीड़ में खड़े शुभम ने एक खास टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर लिखा था-आई वांट टू प्रपोज हर फॉर मैरिज। परफॉर्मेंस के दौरान दिलजीत की नजर इस मैसेज पर पड़ी। उन्होंने मुस्कुराते हुए शुभम और बिंदिया को स्टेज पर बुला लिया।स्टेज पर पहुंचते ही शुभम ने घुटनों के बल बैठकर बिंदिया को अंगूठी पहनाई और पूछा-विल यू मैरी मी? बिंदिया ने हां कह दिया। इस पर पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।
दिलजीत ने कपल के लिए गाना भी गाया
दिलजीत ने इस पल के लिए कपल के लिए गाना भी गाया। प्रपोजल के बाद दिलजीत ने शुभम की हिम्मत की तारीफ करते हुए कहा, आजकल प्रपोज करना बहुत बड़ी बात है, भाई ने बहुत जिगरा दिखाया है। धीरे-धीरे ये सब बातें खत्म होती जा रही हैं। इसके बाद शुभम और बिंदिया करीब डेढ़ मिनट तक स्टेज पर रुके और दिलजीत के गानों पर साथ में डांस भी किया।
चार बार प्रपोज करने की प्लानिंग की
शुभम के लिए यह पल इसलिए भी खास था, क्योंकि वह पिछले करीब एक साल से बिंदिया को अनोखे अंदाज में प्रपोज करने का मौका तलाश रहे थे। इससे पहले उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच से लेकर कॉमेडियन जाकिर खान के लाइव शो तक चार बार प्रपोज करने की प्लानिंग की थी, लेकिन हर बार किसी वजह से कोशिश अधूरी रह गई।शुभम पिछले 13-14 सालों से दिलजीत के बड़े फैन हैं। उनकी दीवानगी दिलजीत के गाने पंगा से शुरू हुई थी। अपने पसंदीदा कलाकार के सामने जिंदगी की नई शुरुआत करना शुभम और बिंदिया दोनों के लिए सपने के सच होने जैसा रहा।
ये भी पढ़ें: Diljit Dosanjh: कनाडा में कॉन्सर्ट बीच में रुका, दिलजीत दोसांझ ने खालिस्तानी समर्थकों को लगाई फटकार




















