छिंदवाड़ा में सड़क नहीं होने से एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंची; गर्भवती 4 किमी पैदल चली, जुड़वां बच्चों की जान नहीं बची

छिंदवाड़ा। एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए चार किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करना पड़ा। न सड़क थी, न समय पर एंबुलेंस पहुंच सकी। परिजन गर्भवती को संभालते हुए दुर्गम रास्ते से अस्पताल की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में प्रसव हो गया।
महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी। गंभीर हालत में महिला को बाद में दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी जान बचाई गई।
यह घटना छिंदवाड़ा जिले के जामुनढोंगा गांव के चोटीपाटा टोले की है। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को उजागर कर दिया है। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है।
चार किमी तक कच्चे और दुर्गम रास्ते पर चली
चोटीपाटा निवासी कुंती मालगाम (20) पति सतीश मालगाम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस को फोन करते रहे, लेकिन मदद नहीं पहुंची। पति, सास कमली मालगाम, जीजा बिसनलाल नरें और अन्य परिजन उसे लेकर पैदल ही निकल पड़े।
करीब चार किलोमीटर तक कच्चे और दुर्गम रास्ते पर चलने के दौरान महिला की हालत बिगड़ती गई। इसी बीच रास्ते में ही उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। दोनों बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत की। बाद में महिला को नागढाना से एंबुलेंस के जरिए दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
लगातार सामने आ रही व्यवस्था की नाकामी
चोटीपाटा टोले में करीब 60 परिवार रहते हैं। यहां पक्की सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही से लेकर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक के लिए परेशानी उठानी पड़ती है।
यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 20-21 अगस्त को भी इसी इलाके में एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ गई थी। उस समय बारिश के बीच ग्रामीण उसे पैदल गोप मुख्यालय तक लेकर पहुंचे थे। बाद में दमुआ और छिंदवाड़ा में उपचार मिलने से उसकी जान बची थी।
ग्रामीणों ने अपने दम पर बनाया रास्ता
पक्की सड़क नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने आर्थिक सहयोग और श्रमदान से गोप मुख्यालय से चोटीपाटा तक कच्चा रास्ता तैयार किया था। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने सड़क निर्माण की मांग रखी गई। दमुआ में आयोजित जनविश्वास शिविर में भी ग्रामीणों ने कलेक्टर हरेंद्र नारायण को समस्या बताई थी। उन्हें सड़क निर्माण का आश्वासन मिला, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अब तक काम शुरू नहीं हुआ।
60 घरों की बस्ती के लिए सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आपातकाल में जीवन बचाने का रास्ता भी है। बारिश के दिनों में कच्चे रास्ते की स्थिति और खराब हो जाती है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है।
सीहोर: खराब सड़क से परेशान लोगों ने किया चक्काजाम, 30 करोड़ की सड़क उखड़ी
मामले की जांच की जा रही है
108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी, विजय रघुवंशी ने कहा कि एंबुलेंस समय पर मुख्य सड़क तक पहुंच गई थी, लेकिन गांव तक जाने के लिए सड़क नहीं होने के कारण वाहन आगे नहीं जा सका। मामले की जांच की जा रही है।
रास्ते में देरी हुई और गर्भपात हो गया
जुन्नारदेव के चिकित्सा अधिकारी, डॉ. सौरभ सिंह ने कहा कि महिला का छठवां महीना चल रहा था। उसकी अस्पताल में समय-समय पर जांच और सोनोग्राफी भी कराई गई थी। सोनोग्राफी से जुड़वां बच्चों की जानकारी थी। अचानक पेट दर्द होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में देरी हुई और गर्भपात हो गया। बच्चों का वजन एक किलो से भी काफी कम था।




















