छिंदवाड़ा के सीमावर्ती सिलेवानी गांव में लगे 3 CCTV कैमरे, नेशनल हाईवे और पांढुर्णा सीमा पर होगी निगरानी

छिंदवाड़ा। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के मार्गदर्शन में जिले में अपराध नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर संचालित " एक कैमरा ग्राम के नाम " अभियान के अंतर्गत चौकी उमरानाला पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है।
इसी क्रम में चौकी प्रभारी उमरानाला राजेश साहू द्वारा ग्राम पंचायत सिलेवानी के सरपंच के सहयोग एवं जनभागीदारी से बिरसा मुंडा चौक पर ग्राम अम्बाझिरी रोड एवं नेशनल हाईवे रोड को कवर करने हेतु 02 सोलर संचालित 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरे एवं एक अन्य कुल 03 कैमरे लगवाए गए हैं।
अवैध गतिविधियों पर लगेगा अंकुश
उल्लेखनीय है कि ग्राम सिलेवानी नेशनल हाईवे एवं पड़ोसी जिला पांढुर्णा की सीमा से लगा हुआ महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां स्थापित किए गए सीसीटीवी कैमरों से नेशनल हाईवे पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं, हिट एंड रन जैसी घटनाओं में संदिग्ध वाहनों की पहचान करने तथा क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों एवं आपराधिक घटनाओं पर निगरानी रखने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
चौबीस घंटे निगरानी में मिलेगी मदद
सोलर आधारित 360 डिग्री कैमरों के माध्यम से क्षेत्र में चौबीसों घंटे निगरानी रखने में मदद मिलेगी। पुलिस की यह पहल अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करेगी।
चौकी प्रभारी उमरानाला ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध घटित होने के बाद कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक एवं जनसहयोग के माध्यम से अपराधों की रोकथाम करना भी है। "एक कैमरा ग्राम के नाम" अभियान के तहत ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों को अपने गांव की सुरक्षा में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कटनी में दुकान की दीवार तोड़कर चोरी, 3 लाख की नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान ले उड़े चोर
पुलिस की अपील...
आइए, जनसहयोग से अपने गांव को सुरक्षित बनाएं। प्रत्येक ग्राम में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर अपराध मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनें।
जनसहयोग से सुरक्षा, तकनीक से अपराध पर प्रहार।
मध्यप्रदेश पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।




















