‘आज रात ईरान पर होगा बड़ा हमला’…डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी, खर्ग द्वीप और तेल ठिकानों पर करेंगे कब्जा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका आज रात ईरान पर बड़ा हमला करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में अमेरिका ईरान के खर्ग द्वीप और तेल से जुड़े महत्वपूर्ण ढांचों पर कब्जा कर सकता है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
ट्रूथ सोशल पर दी चेतावनी
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि ईरान की नौसेना, वायुसेना, रडार और एयर डिफेंस सिस्टम काफी हद तक कमजोर हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ईरान की सैन्य क्षमताओं को और नुकसान पहुंचाएगा।

ट्रंप ने यह भी कहा कि भविष्य में अमेरिका खर्ग द्वीप और तेल-गैस से जुड़े बुनियादी ढांचे पर नियंत्रण स्थापित कर सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों देशों के बीच समझौते की संभावना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और बातचीत जारी है।
अमेरिका और ईरान के बीच फिर बढ़ा तनाव
हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव तेज हुआ है। गुरुवार सुबह अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई इलाकों में हवाई हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने क्षेत्र में अमेरिकी हितों को निशाना बनाते हुए कई जवाबी कार्रवाई की।
कुवैत, बहरीन और जॉर्डन भी हुए प्रभावित
हमलों के बाद कुवैत ने सुरक्षा कारणों से कुछ घंटों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। वहीं जॉर्डन ने दावा किया कि उसने ईरान की ओर से दागी गई 20 मिसाइलों को मार गिराया, जिनका लक्ष्य अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाला क्षेत्र था।
उधर बहरीन ने बताया कि जवाबी कार्रवाई के दौरान गिरे मलबे से 11 वर्षीय एक बच्ची घायल हो गई। कई मकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ी चिंता
ईरान ने साफ कहा है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ बनाए रखेगा। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक माना जाता है। बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने हमलों की पुष्टि की
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने पुष्टि की है कि गुरुवार तड़के ईरान में नए हवाई हमले किए गए। अमेरिकी सेना के अनुसार, इन हमलों में ईरान की सैन्य निगरानी प्रणाली, संचार नेटवर्क और वायु रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया गया।
अमेरिकी सेना ने बताया कि यह अभियान वायुसेना, नौसेना और मरीन कोर ने संयुक्त रूप से चलाया। हमलों के दौरान तेहरान, बंदर अब्बास और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास के इलाकों में कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।











