कहीं फर्जी हेल्पलाइन तो कहीं वीडियो कॉल और क्यूआर कोड का जाल, साइबर ठगों ने निकाले 2.74 लाख

ग्वालियर। बैंक में सुरक्षित मानकर रखी रकम को साइबर ठग बड़ी आसानी से हड़पे जा रहे हैं। ग्वालियर जिले में हाल ही में चार ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें साइबर अपराधियों ने खाताधारकों की बिना परमिशन के उनके अकाउंट्स को निशाना बनाते हुए लाखों की रकम पार कर दी। इसके लिए भरोसे में लेने वाले ठगों ने रोजमर्रा की जरूरतों को ही हथियार बनाया है। शहर और आसपास के इलाकों में करीब 2.74 लाख रुपए की ठगी के मामले बताए गए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिफंड के लिए किया फोन, खाते से निकल गए 99 हजार
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी निवासी रविशंकर गुप्ता ने बिग बास्केट से सामान मंगवाया था। भुगतान के दौरान 663 रुपए लंबित रह गए थे। रकम वापस पाने की जानकारी के लिए उन्होंने गूगल पर मिले टोल फ्री नंबर पर कॉल किया। वहां से दूसरे मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा गया। इसके बाद वीडियो कॉल कर एक फाइल डाउनलोड करने और क्यूआर कोड के जरिए दो रुपए का भुगतान करने के लिए कहा गया। ठगों ने 24 घंटे में रिफंड मिलने का भरोसा दिया। अगले दिन बैंक का संदेश आया तो खाते में केवल 6,499 रुपए बचे थे। पीड़ित के मुताबिक, खाते से 85 हजार, 10 हजार और चार हजार रुपए समेत कुल 99 हजार रुपए निकाल लिए गए।
शिकायत के बहाने संपर्क, 30 हजार की चपत
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी निवासी 68 वर्षीय अमर सिंह शेखावत ने फ्लिपकार्ट से मंगवाए सामान को लेकर शिकायत की थी। उनके वाट्सऐप पर एक अज्ञात व्यक्ति ने वीडियो कॉल कर खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और रिफंड की प्रक्रिया समझाने लगा। मोबाइल हैंग होने के बाद आरोपी ने दूसरे मोबाइल का वाट्सऐप नंबर मांगा और क्यूआर कोड भेजकर भुगतान करने को कहा। पीड़ित को संदेह हुआ तो आरोपी ने कॉल काट दिया। कुछ देर बाद बैंक खातों से रकम कटने के संदेश आने लगे। अलग-अलग खातों से कुल 30 हजार रुपए निकाल लिए गए।
एसबीआई खाते से 72 हजार रुपए गायब
हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर निवासी ज्ञानचंद आर्य के भारतीय स्टेट बैंक खाते से 15 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे 72 हजार रुपए निकल गए। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ई-जीरो एफआईआर पुलिस को प्राप्त हुई। पीड़ित ने 26 अक्टूबर को थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फोन-पे से पांच ट्रांजेक्शन, 73 हजार पार
डबरा देहात थाना क्षेत्र के ग्राम बरोठा निवासी रामसिंह कुशवाह ने 22 अक्टूबर की रात फोन-पे पर पंजाब एंड सिंध बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो केवल 729 रुपए बचे थे। ट्रांजेक्शन हिस्ट्री देखने पर पता चला कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना पांच बार रकम निकाली गई। इनमें 50 हजार, 20 हजार और एक-एक हजार रुपए के तीन ट्रांजेक्शन शामिल थे। इस तरह कुल 73 हजार रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।
ऑनलाइन शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई
इस बारे में यूनिवर्सिटी थाना टीआई रविन्द्र जाटव ने कहा कि साइबर ठगी के ताजा मामले सामने आए हैं, जिनकी ऑनलाइन शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामलों में विवेचना जारी है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में मदरसे की 30 करोड़ की जमीन की जांच शुरू, राजस्व रिकॉर्ड खंगाल रहा प्रशासन




















