चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन ने बनाया प्लान; 2 से 8 अक्टूबर तक ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’, 6 को दिल्ली में प्रदर्शन

नई दिल्ली। चुनाव आयोग और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन ने अब आंदोलन को देशव्यापी रूप देने का फैसला किया है। बुधवार को नई दिल्ली में हुई बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि गठबंधन के घटक दल इस मुद्दे पर एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे। बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली और इसमें 20 दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कुछ नेता ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े। उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन ने वर्चुअल माध्यम से अपनी बात रखी।
खरगे ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
खरगे का आरोप है कि चुनाव आयोग सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विपक्ष इस लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगा। खरगे ने कहा कि राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने बैठक में आंदोलन को लेकर सुझाव दिए। गठबंधन ने चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की रणनीति बनाई है।
2 से 8 अक्टूबर तक जिलों में मार्च
विरोध का पहला चरण 2 से 8 अक्टूबर के बीच चलेगा। इस दौरान INDIA गठबंधन के दल देशभर के जिलों में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकालेंगे। खरगे के मुताबिक, प्रदर्शन जिला मजिस्ट्रेट कार्यालयों तक पहुंचेंगे और लोगों को बताया जाएगा कि विपक्ष किन मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहा है। इसके बाद 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसद दिल्ली में चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे।
ये भी पढ़ें: 'अमेरिका के दबाव में लगाया जा रहा UPI ट्रांजेक्शन चार्ज', राहुल गांधी का आरोप
राष्ट्रपति से मुलाकात की तैयारी
खरगे ने कहा कि विपक्षी दल अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे। गठबंधन नेताओं का कहना है कि वे चुनाव प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं और मतदाता सूची से जुड़े अपने सवाल राष्ट्रपति के सामने रखेंगे। इसके बाद अक्टूबर-नवंबर में एक बड़ी रैली आयोजित करने की योजना है। खरगे ने बताया कि 1 नवंबर से दिल्ली में भी बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी है। रैली की अंतिम तारीख और स्थान बाद में घोषित किया जाएगा।
राहुल गांधी बोले-लोकतंत्र किसी व्यक्ति से बड़ा
राहुल गांधी ने बैठक के बाद कहा कि चर्चा अच्छी रही और विपक्षी दलों ने चुनाव से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में धांधली हुई है और कहा कि लोकतंत्र किसी एक व्यक्ति से बड़ा है। राहुल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे उनकी राजनीतिक या संवैधानिक स्थिति कितनी भी बड़ी क्यों न हो। उनके मुताबिक, विपक्ष इस मुद्दे को युवाओं और आम लोगों के बीच ले जाने में सफल रहा है।
ये भी पढ़ें: एक अक्टूबर को बालाघाट आएंगे राहुल गांधी, मृत बच्चों के परिजनों से करेंगे मुलाकात
ममता ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि मतदान का अधिकार नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने चुनाव आयोग और अदालत समेत विभिन्न स्तरों पर अपनी शिकायतें रखीं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। ममता ने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। INDIA गठबंधन की बैठक का प्रमुख मुद्दा भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष की आपत्तियां रहा।




















