भाजपा ने 'सेवा दूतों' के हवाले की विधानसभा सीटें, प्रभारियों से मांगा मैदानी फीडबैक

भोपाल। भाजपा संगठन ने मिशन 2028 के लिए अभी से विधानसभा चुनाव की मैदानी तैयारी शुरू कर दी है। अप्रैल 2027 में एक जिले के भाजपा नेताओं को दूसरे जिलों में 25 दिन के लिए 'सेवा दूत' बनाकर भेजा जाएगा। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी की मौजूदगी में दिनभर चली मैराथन बैठकों में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जिलों में संगठन के रिक्त पदों को भरने की कवायद भी शुरू कर दी गई है।
पदाधिकारी-कार्यकर्ता को मिलेगी दूसरे जिले की जिम्मेदारी
बैठकों के बाद प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक पदाधिकारी या कार्यकर्ता को दूसरे जिले की विधानसभा सीट की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वह 1 से 25 अप्रैल तक 'सेवा दूत अभियान' के तहत पूर्णकालिक प्रवास पर रहेगा। संबंधित विधानसभा क्षेत्र में संगठन के कामकाज, सेवा गतिविधियों और जनता के बीच पहुंच का आकलन कर फीडबैक रिपोर्ट संगठन को सौंपेगा।
सुबह से चला वन-टू-वन बैठकों का सिलसिला
भाजपा मुख्यालय में सुबह से ही प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों, प्रभारियों और संभाग प्रभारियों के साथ समूहवार और वन-टू-वन बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया था। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भी शिवप्रकाश ने आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। देर रात तक संभाग प्रभारियों से उनके क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा चलती रही। सभी प्रभारियों से जिलों में रिक्त संगठनात्मक पदों, मोर्चों के खाली जिला अध्यक्ष पदों और विभिन्न प्रकोष्ठों में रिक्त पदों का ब्योरा मांगा गया। नियुक्तियों के लिए संभावित नामों की सूची भी मांगी गई है। प्रत्येक जिले से तीन-चार नामों का पैनल तैयार करने को कहा गया है। इन लोगों को जल्द ही संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
प्रदेश अध्यक्ष का दिल्ली दौरा स्थगित
बताया जाता है कि दोपहर में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का अचानक दिल्ली जाने का कार्यक्रम बना। वह घर से निकल भी गए, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौट आए। दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए उन्हें बुलाया गया था। दिनभर चली संगठन की बैठकों के बाद प्रदेश अध्यक्ष के निवास पर दिवाली मिलन के तहत आयोजित रात्रिभोज में सभी पदाधिकारी शामिल हुए।
अपने काम की समीक्षा भी करें
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती तभी संभव है, जब बेहतर संवाद, समन्वय और आपसी विश्वास के साथ काम किया जाए। प्रत्येक पदाधिकारी अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करे। कार्य की गुणवत्ता, परिणाम और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर मूल्यांकन किया जाए।
निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करें
संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी संवाद, सुनियोजित कार्ययोजना और समर्पण के साथ संगठन के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में जुटें।
ये भी पढ़ें: हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ, पीएम मोदी और भाजपा नेतृत्व का जताया आभार




















