एक अक्टूबर को बालाघाट आएंगे राहुल गांधी, मृत बच्चों के परिजनों से करेंगे मुलाकात

भोपाल। बैहर और बिरसा क्षेत्र के बैगा आदिवासी इलाकों में बच्चों की मौत का मामला अब राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट पहुंचेंगे। वे प्रभावित गांवों का दौरा कर मृत बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे। बालाघाट में पिछले लगभग दो महीने में करीब 32 बच्चों की मौत दर्ज की गई है। मौतों के कारणों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की जांच में मलेरिया, मीजल्स, कुपोषण समेत कई स्वास्थ्य संबंधी स्थितियां सामने आई हैं। गांधी दिल्ली से गोंदिया एयरपोर्ट और वहां से बालाघाट जाएंगे।
मौतों के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
प्रभावित इलाकों में बच्चों की लगातार मौत के बाद स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों में समय पर उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकीं। वहीं सरकार की ओर से मौतों को किसी एक बीमारी से जोड़ने के बजाय अलग-अलग चिकित्सकीय कारणों की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि राहुल गांधी इससे पहले 19 सितंबर को छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए इंदौर पहुंचे थे। इस तरह एक पखवाड़े में यह उनका दूसरा मप्र दौरा होगा।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, बोले- दिया जलाने के लिए पैसा है तो छात्राओं के हॉस्टल के लिए क्यों नहीं?
सिंघार का SIR और ज्ञानेश कुमार पर हमला
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बालाघाट के मुद्दे के साथ चुनाव आयोग और SIR को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यों में ‘वोट चोरी’ कराई गई और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के जरिए चुनाव प्रक्रिया प्रभावित की गई। कांग्रेस SIR के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखने की बात कह रही है।
300 करोड़ का अनाज सड़ने का आरोप
उमंग सिंघार ने सरकारी राशन के रखरखाव को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले पांच वर्षों में सरकारी और निजी गोदामों में करीब 300 करोड़ रुपए का अनाज सड़ गया और एक लाख मीट्रिक टन से अधिक राशन नमी, बारिश तथा चूहों के कारण बर्बाद हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आदिवासी क्षेत्रों में बच्चे कुपोषण और बीमारी से जूझ रहे हैं, तब सरकारी अनाज के भंडारण और वितरण की व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों है?
ये भी पढ़ें: ‘छात्रों की गूंज’ में शायरी वाला मोड़:छात्र ने मंच से सुनाई शायरी- ‘2029 में PM बन जाओ…’, राहुल का जवाब- ‘I Love You’




















