Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नशे की समस्या पर भावुक हुए PM मोदी, बोले- जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा भी खत्म होगा

पीएम मोदी केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में नशे की समस्या पर भावुक हुए। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने, गरीबी से बाहर आए 50 करोड़ लोगों और बचत की संस्कृति पर जोर दिया।
नशे की समस्या पर भावुक हुए PM मोदी, बोले- जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा भी खत्म होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में देश में बढ़ती नशे की समस्या पर गहरी चिंता जताई। इस दौरान युवाओं को नशे से बचाने की बात करते हुए प्रधानमंत्री भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना देश की बड़ी जिम्मेदारी है और इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे। पीएम मोदी ने कहा- जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशे की समस्या भी खत्म हो सकती है। उन्होंने साथ ही नक्सलवाद की दोबारा वापसी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों और सरकार को सतर्क रहने की जरूरत बताई।

गरीबी से बाहर आए 50 करोड़ लोगों का किया जिक्र

मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रधानमंत्री ने देश में गरीबी कम करने के प्रयासों और उनसे मिली उपलब्धियों पर भी चर्चा की। उन्होंने 2014 में सरकार बनने के बाद गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता देने की बात याद दिलाई। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह उपलब्धि लंबे समय तक बनी रहनी चाहिए। जो परिवार गरीबी से बाहर आए हैं, उन्हें दोबारा उस स्थिति में जाने से बचाना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

बचत की संस्कृति को बताया भारतीय समाज की पहचान

प्रधानमंत्री ने लोगों के बीच बचत की आदत को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज की पहचान बचत की संस्कृति रही है। आर्थिक सुरक्षा और वित्तीय सशक्तीकरण के लिए लोगों को बचत पर विशेष ध्यान देना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय समाज 'ईट, ड्रिंक एंड मेरी' की सोच में विश्वास नहीं करता। उन्होंने भविष्य की आर्थिक जरूरतों को देखते हुए बचत और वित्तीय सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताया।

Narendra Modi

मंत्रिपरिषद की बैठक में हुईं तीन अहम प्रस्तुतियां

करीब साढ़े तीन घंटे चली मंत्रिपरिषद की बैठक में तीन महत्वपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें गरीबी उन्मूलन, नक्सलवाद मुक्त भारत बनाने के प्रयासों और जनधन योजना के जरिए वित्तीय सशक्तीकरण जैसे विषय शामिल रहे। गरीबी कम करने से जुड़ी प्रस्तुति में विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया। वित्त मंत्रालय, आर्थिक मामलों के विभाग, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और मत्स्य पालन समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं से गरीब परिवारों के जीवन में किस तरह बदलाव आया है।

आवास, उज्ज्वला और DBT जैसी योजनाओं का जिक्र

प्रस्तुति के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल योजना, उज्ज्वला योजना, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), डिजिटल पहुंच और बैंकिंग सुविधाओं का उल्लेख किया गया। बताया गया कि इन योजनाओं और सुविधाओं ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकलने में मदद की है। बैठक में सितंबर में हुई चिंतन बैठक के दौरान तय किए गए लक्ष्यों और सुधारों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। गौरतलब है कि आसियान बैठक से देर रात लौटने के बाद प्रधानमंत्री बुधवार सुबह सीधे भारत मंडपम पहुंचे और मंत्रिपरिषद की बैठक में शामिल हुए।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts