Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

चंदेरी से उत्तर प्रदेश की सीमा में पहुंची दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, समाजवादी पार्टी ने दिया समर्थन

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा 25वें दिन उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। चंदेरी में आयोजित सभा में दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी और राम मंदिर निर्माण के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं में शामिल होने के आरोप लगाए। यात्रा को समाजवादी पार्टी के नेता शंखलाल मांझी ने समर्थन दिया।
चंदेरी से उत्तर प्रदेश की सीमा में पहुंची दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, समाजवादी पार्टी ने दिया समर्थन
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा ने 25वें दिन उप्र की सीमा में प्रवेश किया।

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गई। यात्रा के 25वें दिन की पदयात्रा बुधवार सुबह चंदेरी के दिल्ली दरवाजा से प्रारंभ हुई। यात्रा अमराई ग्रामीण स्थित हैरिटेज रिसोर्ट, ग्राम प्राणपुर और ग्राम कुंवरपुर होते हुए आगे बढ़ी। प्राणपुर भारत का पहला हस्तशिल्प और हथकरघा पर्यटक गांव है।

सीईसी पर चढ़ावा चोरी  में  शामिल होने का आरोप

यहां आयोजित सभा में दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को वोट चोरी के साथ राम मंदिर निर्माण के चढ़ावा चोरी मामले से भी शामिल होने का आरोप लगाया। सिंह का दावा है कि ज्ञानेश कुमार राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी थे और जमीन खरीद में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आने से तीन दिन पहले उन्होंने ट्रस्टी पद छोड़ दिया था।

/img/89/1795022196493

पूर्व मंत्री मांझी ने चंदेरी पहुंचकर किया समर्थन

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को समाजवादी पार्टी का भी समर्थन मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व सांसद शंखलाल मांझी ने चंदेरी पहुंचकर यात्रा को अपना समर्थन प्रदान किया। वोट चोरी और चंदा चोरी के मुद्दों को लेकर निकाली जा रही इस यात्रा को समाजवादी पार्टी के नेताओं का समर्थन मिलना लोकतांत्रिक मूल्यों और पारदर्शिता के सवालों पर इंडिया गठबंधन के साझा आवाज को दर्शाता है।

Breaking News

उप्र के ललितपुर जिले के गांव में समापन

दोपहर में ग्राम कुंवरपुर में भोजन एवं विश्राम के बाद पदयात्रा पुनः प्रारंभ हुई। इसके बाद यात्रा ग्राम बडेरा और बडेरा चक होते हुए वेतवा नदी स्थित राजघाट बांध चौराहे पहुंची। यहां मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पार कर यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई। बुधवार की पदयात्रा का समापन उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के काला पहाड़ स्थित बुंदेला बंधु फार्म हाउस पर हुआ। यहां यात्रियों के रात्रि भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है।

अमृता सिंह ने पदयात्रियों को बांटे कंबल

यात्रा के दौरान ठंड बढ़ने के बीच पदयात्रियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता सिंह ने बुधवार को यात्रियों को कंबल एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की, ताकि ठंड के मौसम में पदयात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

ये भी पढ़ें: ओरछा के रामराजा मंदिर के खजाने के ताले काटने पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, 26 नवंबर को पहुंचकर मांगेंगे हिसाब

22 नवंबर तक उत्तर प्रदेश में, फिर मप्र में प्रवेश

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार शाम से लेकर 22 नवंबर तक उत्तर प्रदेश में रहेगी। 23 नवंबर की सुबह यात्रा पुनः मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा के रास्ते मध्य प्रदेश में वापस प्रवेश करेगी। इसके बाद 26 नवंबर को ओरछा में विशेष पूजन एवं पार्थिव शिवलिंग निर्माण का धार्मिक आयोजन होगा। इस आयोजन के बाद 27 नवंबर की सुबह यात्रा ओरछा से पुनः उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी और अयोध्या धाम की ओर आगे बढ़ेगी। यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हुई थी। उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही इस यात्रा में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन, संतों से संवाद और सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से संपर्क के माध्यम से यात्रा के उद्देश्यों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: चिंतामन गणेश और महाकाल दर्शन के साथ शुरू हुई दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, 70 दिन में अयोध्या पहुंचने का लक्ष्य

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts