जबलपुर में फिर टूटी बरगी बाईं तट की नहर, धान की तैयार फसल पानी में डूबी; किसानों ने की मुआवजे की मांग
जबलपुर। घटना के बाद प्रशासन ने नहर में पानी की सप्लाई बंद करवा दी और जांच शुरू कर दी है। किसानों ने भारी वाहनों की आवाजाही को नहर टूटने की वजह बताते हुए नुकसान का सर्वे, मुआवजा और स्थायी मरम्मत की मांग की है।
सुबह 6 बजे अचानक ढह गई नहर की दीवार
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे ग्राम मंगेली और पिपरिया के बीच बरगी बायां तट नहर की दीवार अचानक ढह गई। नहर से पानी का तेज बहाव आसपास के खेतों में पहुंच गया, जिससे धान की तैयार खड़ी फसल जलमग्न हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
ये भी पढ़ें: जबलपुर: बरगी डैम के 5 गेट खोले गए, 760 क्यूमेक पानी छोड़ा गया
भारी वाहनों की आवाजाही को बताया नहर टूटने की वजह
स्थानीय ग्रामीणों ने नहर टूटने के पीछे अवैध खनिज परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही को जिम्मेदार ठहराया है। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में ओवरलोड हाइवा और डंपरों के लगातार आने-जाने से नहर का तटबंध कमजोर हो रहा है। हालांकि, नहर टूटने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद बंद हुई पानी की सप्लाई
घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए नहर में पानी की सप्लाई बंद करवाई। इससे खेतों की ओर पानी का बहाव रोकने में मदद मिली। प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई।
पहले भी टूट चुकी है नहर, सिंचाई हुई थी प्रभावित
किसानों का कहना है कि इससे पहले भी नहर टूटने की घटना हो चुकी है। उस समय मरम्मत में लंबा समय लगने से सिंचाई प्रभावित हुई थी और पानी नहीं मिलने के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा था। अब दोबारा नहर टूटने से किसानों में आक्रोश है।
24 घंटे में सुधार के निर्देश, किसानों ने मांगा मुआवजा
किसानों ने प्रशासन से प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने, नहर की स्थायी मरम्मत कराने और अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई और समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकला तो आंदोलन किया जाएगा। एडीएम नीता राठौर ने बताया कि सूचना मिलने पर वे संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने 24 घंटे के अंदर नहर की मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नहर टूटने के कारणों की जांच कराई जा रही है।






















