PlayBreaking News

हरिद्वार में बड़ा हादसा : हाई वोल्टेज तार गिरने से मचा हड़कंप, 6 श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

Follow on Google News
हरिद्वार में बड़ा हादसा : हाई वोल्टेज तार गिरने से मचा हड़कंप, 6 श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

हरिद्वार। रविवार सुबह उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक मची भगदड़ ने सबको झकझोर कर रख दिया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक हाई वोल्टेज बिजली का तार गिरने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं।

हाई वोल्टेज तार गिरने से मची भगदड़

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मंदिर के पैदल मार्ग पर अचानक एक हाई वोल्टेज तार टूटकर गिर गया। तार के गिरते ही करंट फैलने की आशंका से लोगों में भगदड़ मच गई। श्रद्धालु डर के मारे इधर-उधर भागने लगे और इस अराजक स्थिति में कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने पुष्टि की है कि मंदिर परिसर में भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बनी।

भीड़ ज्यादा होने से हालात बेकाबू

रविवार होने की वजह से मंदिर में असामान्य भीड़ थी। हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां मनसा देवी के दर्शन के लिए पहुंचे थे। ऐसे में व्यवस्थाएं जवाब देने लगीं। भीड़ को नियंत्रित करने के पर्याप्त इंतजाम न होने के चलते स्थिति और बिगड़ती चली गई। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद करीब 33 श्रद्धालुओं को बचाया गया, जिनमें से 6 की मौत हो चुकी थी। बाकी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल और हायर सेंटर में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- “हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। SDRF, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। मैं स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हूं। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही SDRF, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू किया गया। घायल श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर मामलों को देहरादून और ऋषिकेश के बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन में चूक की आशंका जताई है और हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

हरिद्वार जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि वे दर्शन के लिए आते समय भीड़ का अनुमान लगाकर समय चुनें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts