Manisha Dhanwani
23 Oct 2025
Shivani Gupta
23 Oct 2025
Priyanshi Soni
23 Oct 2025
Hemant Nagle
23 Oct 2025
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। समत्व भवन में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित प्रदेश के सभी कमिश्नर, कलेक्टर, आईजी और एसपी वर्चुअल रूप से शामिल हुए। सीएम ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन में राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता और स्वदेशी भावना को जगाने का एक संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और महत्व से अवगत कराया जाए। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार, एनसीसी और एनएसएस यूनिट के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
बच्चों की भागीदारी के लिए रंगोली, चित्रकला प्रतियोगिता और तिरंगे पर आधारित व्याख्यान जैसे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्कूलों में तिरंगा रैलियों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए कि तिरंगा रैली, मानव शृंखलाएं, साइकल और बाइक रैलियों जैसे आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाए और झंडों की समुचित आपूर्ति समय पर सुनिश्चित की जाए। इसके लिए स्वसहायता समूहों की मदद भी ली जा सकती है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए कि 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ और स्वाधीनता दिवस कार्यक्रमों में शहीद सैनिकों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए।
साथ ही सेना के जवानों, लोकतंत्र सेनानियों, पेंशनर्स, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वरिष्ठ नागरिकों और समाजसेवियों को भी आयोजनों में जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल तिरंगे तक सीमित न रहे, बल्कि इसे स्वच्छता और मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स के प्रचार से भी जोड़ा जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियानों को अभियान से जोड़कर युवाओं में देशभक्ति की भावना और प्रेरणा जगाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झंडे के इतिहास और निर्माण से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों का प्रचार-प्रसार किया जाए। इससे बच्चों और युवाओं में राष्ट्र के प्रति गर्व और लगाव की भावना विकसित होगी।
उन्होंने जिला पर्यटन विकास परिषदों को निर्देश दिए कि वे तिरंगा यात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और सांस्कृतिक विरासत को आमजन तक पहुंचाएं।
बैठक में प्रदेश के सभी संभागों और जिलों के अधिकारियों ने अपने क्षेत्रों में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ और ‘हर घर स्वच्छता’ अभियानों की प्रगति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर घर पर तिरंगा फहरे और हर नागरिक इस अभियान से जुड़कर राष्ट्रप्रेम का संदेश दे।
ये भी पढ़ें: अनूपपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, 5 की मौत, दो की हालत गंभीर