Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ग्वालियर में भीषण हादसा : कांवड़ियों को रौंदते हुए खाई में पलटी तेज रफ्तार कार, चार की मौत; कई घायल

ग्वालियर में भीषण हादसा : कांवड़ियों को रौंदते हुए खाई में पलटी तेज रफ्तार कार, चार की मौत; कई घायल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे कांवड़ियों के एक समूह को रौंद दिया। हादसा रात करीब 1 बजे शिवपुरी लिंक रोड स्थित शीतला माता मंदिर के पास हुआ। टायर फटने से कार बेकाबू हो गई और श्रद्धालुओं को कुचलते हुए खाई में पलट गई।

    चार कांवड़ियों की मौत, दो गंभीर घायल

    इस दर्दनाक हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मृतकों में तीन लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

    शिव जलाभिषेक के लिए जा रहे थे घाटीगांव

    सभी कांवड़िए भदावना के शिव मंदिर स्थित झरने से जल लेकर लौट रहे थे। ये श्रद्धालु घाटीगांव की सिमरिया पंचायत के रहने वाले थे और बुधवार को अपने गांव के शिव मंदिर में जलाभिषेक करने वाले थे। हादसा उनके गांव से मात्र 35 किलोमीटर पहले हुआ।

    खाई में गिरे शव और कार

    हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। कार और कई कांवड़िए सड़क किनारे खाई में जा गिरे। सूचना मिलते ही कंपू, जनकगंज, झांसी रोड और माधौगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को खाई से निकालकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

    Twitter Post

    कार छोड़कर फरार हुए आरोपी

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस को कार के अंदर कोई नहीं मिला। सीएसपी हीना खान ने बताया कि कार का टायर फटने के कारण यह हादसा हुआ। कार का नंबर ट्रेस कर लिया गया है और दो टीमें आरोपी सवारों की तलाश में लगाई गई हैं।

    मृतकों की पहचान

    • पूरन बंजारा, निवासी सीडना का चक सिमरिया घाटीगांव
    • रमेश बंजारा, निवासी सिमरिया घाटीगांव
    • दिनेश बंजारा, निवासी सिमरिया घाटीगांव
    • धर्मेंद्र उर्फ छोटू, निवासी घाटीगांव

    सभी मृतक एक ही समाज और गांव से जुड़े हुए थे। गांव से कुल 13 लोग कांवड़ भरने के लिए दो दिन पहले निकले थे।

    चश्मदीदों बोले- कुछ समझ नहीं आया…

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि “कांवड़िए कतार में चल रहे थे, अचानक जोर का धमाका हुआ। पलक झपकते ही तेज रफ्तार कार ने टोली को कुचल दिया और पलट गई।” इस दौरान हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई।

    अस्पताल में परिजनों का हंगामा

    घायलों को जब जेएएच लाया गया तो अस्पताल में स्ट्रेचर की कमी सामने आई, जिससे परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। हालात को देखते हुए पुलिस को अस्पताल परिसर में भी तैनात किया गया।

    हादसे के बाद घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बन गई। श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई, जिससे ट्रैफिक भी बाधित हुआ। हालात को संभालने के लिए आसपास के आधा दर्जन थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया।

    सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा पर सवाल

    यह हादसा सावन माह की कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ है, जब लाखों श्रद्धालु जल लेकर अपने-अपने गांवों के शिव मंदिरों में अभिषेक करते हैं। ऐसे में प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की भूमिका और तैयारी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts