Raipur:नगर पालिका दफ्तर में घुसकर RI से मारपीट, जमकर हुआ बवाल: 4 आरोपियों पर FIR, जान से मारने की धमकी का भी आरोप

रायपुर: रायपुर जिले के गोबरा नवापारा नगर पालिका कार्यालय में राजस्व निरीक्षक से मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक चार आरोपी कार्यालय में घुसे और RI के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: Raipur: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक, प्रोफेसर ही निकला मास्टरमाइंड, 6 गिरफ्तार
रास्ते में शुरू हुआ विवाद
राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह पत्नी के पैन कार्ड में नाम सुधारवाने के लिए आवेदन देने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। सदर रोड नवापारा मोड़ के पास रूपो जगत अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से उनके सामने से कट मारकर निकला।
बाइक चलाने की समझाइश पर विवाद
शिकायत के अनुसार, राजस्व निरीक्षक ने बाइक ठीक से चलाने की समझाइश दी, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की। आरोप है कि बाद में आरोपी अपने साथियों के साथ RI के घर के पास भी पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें: Surajpur: बच्चों की पढ़ाई की जगह हाथ में झाड़ू,आत्मानंद स्कूल का VIDEO वायरल
अगले दिन दफ्तर में पहुंचा विवाद
शिकायत के मुताबिक 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव और मोनू कंसारी समेत अन्य लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि सभी RI के कक्ष में घुस गए और वहां विवाद शुरू कर दिया।
सरकारी दस्तावेज फेंकने का आरोप
राजस्व निरीक्षक की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कार्यालय में रखे शासकीय दस्तावेजों को फेंका और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए RI के साथ मारपीट की गई।
ये भी पढ़ें: Raipur: दुर्ग में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 2 साल 11 माह की बच्ची H1N1 पॉजिटिव
सिर-पैर समेत कई जगह चोट
शिकायत में निखिल चंद्राकर ने मारपीट के दौरान सिर, पीठ और हाथ-पैर में चोट लगने की बात कही है। घटना के वक्त नगर पालिका कर्मचारी सेवक साहू, सरस्वती कंवर, सुभाषिनी शर्मा समेत अन्य स्टाफ मौजूद था।
स्टाफ ने बीच-बचाव कर निकाला बाहर
बताया गया कि नगर पालिका स्टाफ ने बीच-बचाव करते हुए आरोपियों को कार्यालय भवन से बाहर निकाला। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर दोबारा कार्यालय के अंदर घुसने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें: Raipur: PRA ग्रुप के हीरा कारोबारी पर फायरिंग मामले में बड़ा फैसला,अमन साहू समेत सभी 7 आरोपी हुए दोषमुक्त
पुलिस ने दर्ज किया मामला
गोबरा नवापारा पुलिस ने राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 221, 296, 3(5), 324(4) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब घटना से जुड़े साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।





















