सागर में जाम छलकाने से पहले शराबियों का फिटनेस टेस्ट, डॉक्टरों की टीम आदतन शराब पीने वालों का कर रही चेकअप

भोपाल। सागर जिले में अब शराब दुकानों (मयखानों) की राह आसान नहीं रही। यहां जाम छलकाने से पहले आदतन शराबियों को डॉक्टरों की टीम के सामने से गुजरना पड़ रहा है। सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा सागर के आगासौद रोड स्थित गांधी चौराहा शराब दुकान के बाहर देखने को मिला। देवरी निवासी रामप्रसाद जब शराब खरीदने पहुंचे, तो काउंटर से पहले उनका सामना डॉक्टर, पैरामेडिकल और आबकारी विभाग की टीम से हुआ। उन्हें पहले अपनी बांह आगे बढ़ानी पड़ी, ब्लड सैंपल दिया, सेहत की जांच कराई और तब कहीं जाकर आगे बढ़ पाए।
जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने मिलकर चलाया अभियान
दरअसल, सागर जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने मिलकर एक अनोखा 'स्वास्थ्य परीक्षण अभियान' शुरू किया है। इसके तहत जिले की शराब दुकानों के बाहर बाकायदा मेडिकल कैंप लगाए जा रहे हैं। सोमवार को आगासौद रोड स्थित दुकान पर डॉ. धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने ग्राहकों का ब्लड प्रेशर, शुगर जांचने के साथ ही लिवर और किडनी की कार्यप्रणाली जांचने के लिए ब्लड सैंपल लिए। डॉक्टरों ने जाम के शौकीनों को नशे से शरीर को होने वाले नुकसान समझाए और शराब से तौबा करने की नसीहत भी दी।
कलेक्टर ने साझा की अभियान की तस्वीर

सागर कलेक्टर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस मुहिम की जानकारी देते हुए बताया कि बंडा के बनाया, मगरधा और सागर के गोपालगंज, सिविल लाइंस व पुरव्याऊ समेत कई इलाकों की शराब दुकानों पर यह जांच अभियान चलाया गया। ग्राहकों की सेहत के साथ-साथ दुकानों में बिक रही शराब की शुद्धता जांचने के लिए उसके सैंपल भी लिए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: सागर में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, जहरीली शराब की आशंका पर जांच शुरू
क्यों पड़ी 'हेल्थ चेकअप' की जरूरत?
सागर जिला बीते समय में जहरीली शराब से हुई दो दर्जन से अधिक मौतों के कारण सुर्खियों में रहा है। हाल ही में सागर, देवरी और बंडा क्षेत्र में शराब पीने के बाद तीन लोगों की जान चली गई थी। इसी के बाद प्रशासन ने सबक लेते हुए यह अनूठा कदम उठाया है।
एक हजार से ज्यादा लोगों का किया चेकअप
इस बारे में सागर कलेक्टर दिलीप यादव का कहना है कि यह अभियान हैबिचुअल ड्रिंकर (जो शारीरिक या मानसिक रूप से शराब पर निर्भर हो) के लिए शुरू किया है। इसके लिए शराब दुकान वालों से सूची मांगी गई थी। दुकानों और उनके घर पर जाकर ऐसे लोगों का चेकअप किया जा रहा है। बीते तीन दिनों में एक हजार से अधिक लोगों का चेकअप किया जा चुका है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड पर जबलपुर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई, 32 आरोपी गिरफ्तार




















