जीवन दुबे बने RSS के पिपरिया जिला संघ चालक, सोहागपुर से पहली बार किसी को मिली जिम्मेदारी

सोहागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पिपरिया जिले में संगठनात्मक दायित्वों में बदलाव किया गया है। सोहागपुर के मातापुरा वार्ड निवासी जीवन दुबे को पिपरिया जिले का नया जिला संघ चालक चुना गया है। रविवार को स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित संघ की जिला बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई। खास बात यह है कि पहली बार सोहागपुर निवासी किसी स्वयंसेवक को पिपरिया जिला संघ चालक का दायित्व मिला है। जीवन दुबे लंबे समय से संघ की गतिविधियों से जुड़े हुए हैं और इससे पहले जिला एवं विभाग स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उनके चयन के साथ ही संघ की जिला, खंड और नगर कार्यकारिणी के विभिन्न दायित्वों की भी घोषणा की गई।
100 स्वयंसेवकों की मौजूदगी में हुई निर्वाचन प्रक्रिया
रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित जिला बैठक में संघ के पदाधिकारी और स्वयंसेवक शामिल हुए। बैठक में पिछले छह वर्षों से सक्रिय 50 स्वयंसेवकों और पिछले एक वर्ष से सक्रिय 50 स्वयंसेवकों की मौजूदगी में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान प्रांत संपर्क प्रमुख सुनील जैन निर्वाचन अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जीवन दुबे को पिपरिया जिला संघ चालक की जिम्मेदारी दी गई। इससे पहले पिपरिया जिले में जिला संघ चालक का दायित्व पिपरिया निवासी शरद जोशी, डॉ. केजी हुरकट और शिवदयाल चौधरी निभा चुके हैं। अब पहली बार यह जिम्मेदारी सोहागपुर के किसी स्वयंसेवक को मिली है।
कामता प्रसाद बादल सह संघ चालक
नवनियुक्त जिला संघ चालक जीवन दुबे ने निर्वाचन के बाद संगठन की जिला, खंड और नगर कार्यकारिणी के विभिन्न दायित्वों की घोषणा की। इसके तहत पिपरिया निवासी कामता प्रसाद बादल को जिला सह संघ चालक बनाया गया है। वहीं, संजू सिलावट को लगातार दूसरी बार जिला कार्यवाह की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चैन सिंह पटेल को जिला सह कार्यवाह का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा संगठन की अन्य जिम्मेदारियों के लिए भी पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
विभाग गौ सेवा संयोजक और बौद्धिक प्रमुख रह चुके हैं जीवन दुबे
जीवन दुबे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में सक्रिय हैं। उन्होंने संगठन में विभाग गौ सेवा संयोजक और विभाग बौद्धिक प्रमुख सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। इसके अलावा वे लंबे समय तक जिला कार्यवाह की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संघ की संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। अब जिला संघ चालक के रूप में उन्हें पिपरिया जिले में संघ की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों से जुड़ी नई जिम्मेदारी मिली है।
सोहागपुर में खुशी, शुभचिंतकों ने दी बधाई
जीवन दुबे को पिपरिया जिला संघ चालक बनाए जाने पर सोहागपुर में उनके शुभचिंतकों और परिचितों ने खुशी जताई है। पहली बार सोहागपुर के किसी व्यक्ति को यह जिम्मेदारी मिलने पर स्थानीय स्तर पर इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके चयन के बाद से बधाई और शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है।




















