PU Special :टैटू से खुल रही बेवफाई की पोल, मप्र की फैमिली कोर्ट में इस साल पहुंचे 6 मामले

चेहरा छिपाकर और आवाज बदलकर कोई अपनी पहचान छिपा सकता है, लेकिन शरीर पर बना टैटू कई बार रिश्तों का राज खोल देता है। मध्यप्रदेश की फैमिली कोर्ट में पहुंचे मामले बताते हैं कि टैटू अब सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच विवाद और बेवफाई सामने आने की वजह भी बन रहे हैं।
टैटू से खुल रही बेवफाई की पोल, मप्र की फैमिली कोर्ट में इस साल पहुंचे 6 मामले
टैटू से खुल रही बेवफाई की पोल

पल्लवी वाघेला, भोपाल। इस साल प्रदेश की अलग-अलग फैमिली कोर्ट में टैटू से जुड़े कुल 6 मामलों में काउंसलिंग और सुनवाई हुई। इनमें सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों से लेकर पति-पत्नी के एक-दूसरे के नाम का टैटू बनवाने की जिद तक के मामले शामिल हैं। कहीं टैटू ने विवाहेतर संबंधों का खुलासा किया, तो कहीं इसी को लेकर दंपति के बीच विवाद हुआ।

टैटू से सोशल मीडिया रील के जरिए खुली बेवफाई की पोल

भोपाल फैमिली कोर्ट में बीते हफ्ते एक ऐसा मामला पहुंचा, जिसमें पत्नी को पति की बेवफाई की जानकारी टैटू से मिली। दंपति की शादी को ढाई साल हुए हैं। पत्नी के सामने सोशल मीडिया पर एक रील आई, जिसमें युवती के साथ मौजूद युवक ने मास्क लगाया हुआ था, लेकिन डांस के दौरान उसके हाथ पर बना टैटू हल्का नजर आ गया। पत्नी ने युवती की प्रोफाइल पर तस्वीरें देखीं, जिनमें युवक का चेहरा कभी इमोजी तो कभी दूसरे तरीके से छिपाया गया था, लेकिन टैटू दिखाई दे रहा था। टैटू पहचानने के बाद पत्नी को पति के विवाहेतर संबंधों का पता चला और अब रिश्ता टूटने की कगार पर है।

ये भी पढ़ें: Peoples Update Special : हनीमून पीरियड में टूट रहे रिश्ते, परिवार के दबाव में हुई शादी बन रही तलाक की बड़ी वजह

इंदौर में प्रेमिका के नाम का टैटू बना तलाक याचिका खारिज होने की वजह

इंदौर में एक मोबाइल कारोबारी पति ने पत्नी पर क्रूरता और बीमारी छिपाकर शादी करने का आरोप लगाते हुए तलाक मांगा था। पत्नी ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि पति प्रेम संबंधों के चलते ऐसा कर रहा है। उसने अदालत को बताया कि पति ने अपनी प्रेमिका के नाम का टैटू बनवाकर इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट की है। अदालत में टैटू दिखाने के लिए कहने पर पति ने आस्तीन से हाथ ढंक लिया, लेकिन वास्तविकता सामने आने के बाद अदालत ने पति की तलाक याचिका खारिज कर दी।

जबलपुर में पत्नी के गले पर पति का नाम गुदवाने का मामला

जबलपुर में सामने आए एक मामले में पत्नी ने आरोप लगाया कि शादी के अगले ही दिन पति ने पहले हाथ पर अपना नाम लिखवाने को कहा। इसके बाद विरोध के बावजूद पत्नी के गले पर अपना नाम और लव साइन गुदवा दिया। पत्नी ने कहा कि उसे ऐसा करवाने से परेशानी हुई। मामला मीडिएशन तक पहुंचा, जहां काउंसलिंग के बाद दंपति के बीच सुलह करा दी गई।

धार में पति से अपने नाम का टैटू बनवाने की जिद

धार में गुजरात से शादी करके आई एक महिला ने पति से अपने नाम का टैटू बनवाने की जिद पकड़ ली। उसका कहना था कि पत्नी की मांग में सिंदूर और शरीर पर कई दूसरे ऐसे चिन्ह होते हैं, जिनसे उसके शादीशुदा होने का पता चलता है। इसी तरह पति के गले पर उसके नाम का टैटू होना चाहिए, ताकि सबको पता रहे कि वह शादीशुदा है।

Breaking News

ज्योतिष सलाह और गलत अल्फाबेट का टैटू भी बना विवाद

प्रदेश में टैटू से जुड़े दूसरे मामलों में ज्योतिष की सलाह के बाद भी पति का टैटू नहीं बनवाने को लेकर विवाद सामने आया। वहीं, एक अन्य मामले में पत्नी ने पति का नाम ए अक्षर से होने के बावजूद एस अल्फाबेट का टैटू गुदवा लिया। इस बात को लेकर भी दंपति के बीच विवाद हुआ और मामला फैमिली कोर्ट तक पहुंच गया।

टैटू से नहीं मिलती वफादारी की गारंटी

मीडिएशन एक्सपर्ट प्रतिभा राजगोपाल के मुताबिक, टैटू कई लोगों के लिए प्रेम, प्रतिबद्धता और यादों को संजोने का माध्यम होता है। लेकिन जब इसे प्यार साबित करने, साथी पर अधिकार जताने या उसकी निष्ठा की परीक्षा लेने का जरिया बनाया जाता है, तो रिश्ते में दबाव पैदा हो सकता है। किसी के शरीर पर नाम गुदवाने से वफादारी की गारंटी नहीं मिलती। दंपति का रिश्ता भरोसे पर टिका होता है और ऐसे मामलों में खुलकर बातचीत और काउंसलिंग के जरिए दोनों के हित में समाधान निकालने की कोशिश की जाती है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts