PU Special :भाजपा का प्लान: स्थापना दिवस तक मप्र के सभी 55 जिलों में खुद का ऑफिस भवन, मुख्यालय का लोकार्पण भी अप्रैल तक

राजीव सोनी, भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा ने प्रदेश के सभी 55 जिलों में संगठन को जमीनी स्तर पर आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने के मेगा प्लान पर युद्ध स्तर पर काम शुरू किया है। पार्टी के अगले स्थापना दिवस तक यह लक्ष्य हासिल करने की कवायद चल रही है। अभी डेढ़ दर्जन से अधिक जिलों में कार्यालय भवनों का निर्माण पूरा होने को है। भोपाल में बन रहा 11 मंजिला हाईटेक मुख्यालय का लोकार्पण भी अप्रैल में कराने की तैयारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अध्यक्षीय कार्यकाल में उन्होंने यह टारगेट दिया था।
आत्मनिर्भर होंगे भाजपा के जिला कार्यालय
भाजपा की भवन निर्माण समिति इस अभियान में जुटी है। पार्टी का लक्ष्य 6 अप्रैल 2027(भाजपा के स्थापना दिवस) तक प्रदेश के सभी 55 जिलों में अपने स्थायी कार्यालय बनाना है, जहां से जिले के संगठन का पूरा कामकाज संचालित हो सके। केंद्रीय मंत्री शाह के विजन के तहत जिलों में भाजपा के कार्यालयों को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने की कवायद शुरू की गई है।
ऐसे होंगे आत्मनिर्भर
पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा के पितृपुरुष कुशाभाऊ ठाकरे ने पारदर्शिता के लिए पार्टी में आजीवन निधि संग्रह का कान्सेप्ट शुरू किया था। इसी योजना को शाह ने ताकत से लागू कराया। इस निधि में जिलों से एकत्र होने वाली राशि की 50 फीसदी रकम वहीं खर्च करने का प्रावधान है ताकि जिले का संगठन दिल्ली या भोपाल के भरोसे न रहे।
इंदौर व धार ग्रामीण सहित मैहर और नीमच भी
पार्टी सूत्रों का कहना है कि नए कार्यालयों में बैठक हॉल, लाइब्रेरी, मीडिया सेंटर और कार्यकर्ताओं के रुकने की सुविधा होगी। जिन जिलों में कार्यालय भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है, उनमें मैहर, अशोकनगर, मऊगंज, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नीमच, निवाड़ी, मंदसौर, धार ग्रामीण, इंदौर ग्रामीण और शिवपुरी भी शामिल हैं।
बहुमंजिला मुख्यालय की साज-सज्जा अप्रैत तक: जैन
भाजपा के कोषाध्यक्ष एवं भवन निर्माण समिति के सचिव सीए अखिलेश जैन ने 'पीपुल्स समाचार' से चर्चा में बताया कि आगामी स्थापना दिवस तक सभी 55 जिलों पार्टी के अपने कार्यालय भवन होंगे। केंद्रीय मंत्री अमित शाह के विजन के आधार पर इस मेगा प्लान पर काम चल रहा है। नए कार्यालयों में बैठक हॉल, लाइब्रेरी, मीडिया सेंटर और कार्यकर्ताओं के रुकने की सुविधा होगी। भोपाल में बन रहे बहुमंजिला हाईटेक मुख्यालय का 90 फीसदी काम हो चुका है। स्थापना दिवस तक इसकी साज-सज्जा पूरी करा ली जाएगी। इसमें डिजिटल वॉर रूम, भव्य विशाल कॉन्फ्रेंस हॉल, बड़ी पार्किंग, रेस्ट हाउस और शोध विभाग की सुविधा भी रहेगी।




















