Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दुबई में 20 मिनट में 7 धमाकों से मची हलचल, जेबेल अली पोर्ट के पास आग; वीडियो बनाने वाले दो लोग गिरफ्तार

दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में 20 मिनट के भीतर सात धमाकों की आवाज सुनाई दी। बंदरगाह के पास आग लगने की घटना के बाद दो लोगों को वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
दुबई में 20 मिनट में 7 धमाकों से मची हलचल, जेबेल अली पोर्ट के पास आग; वीडियो बनाने वाले दो लोग गिरफ्तार
दुबई में 20 मिनट में 7 धमाकों से मची हलचल

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई शहर में भी अचानक हुए धमाकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में करीब 20 मिनट के भीतर सात जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देने का दावा किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। वहीं स्थानीय प्रशासन ने घटना की रिकॉर्डिंग करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लेने की कार्रवाई की है।

20 मिनट में सात धमाकों का दावा

ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के मुताबिक जेबेल अली क्षेत्र में लगभग 20 मिनट के दौरान सात धमाकों की आवाज सुनाई दी। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये विस्फोट किसी हमले का परिणाम थे या किसी औद्योगिक दुर्घटना के कारण हुए। UAE प्रशासन ने अभी तक धमाकों की आधिकारिक वजह सार्वजनिक नहीं की है।

मिसाइल हमले का भी किया जा रहा दावा

कुछ ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यमन की दिशा से यूएई की ओर मिसाइल दागी गई थी। हालांकि इस दावे की न तो यूएई सरकार ने पुष्टि की है और न ही किसी स्वतंत्र एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है।

गोदाम में आग लगने के मिले संकेत

घटना के बाद सामने आई सैटेलाइट थर्मल इमेज के अनुसार, जेबेल अली बंदरगाह के निकट स्थित एक गोदाम में आग लगी थी। बताया जा रहा है कि इस परिसर का उपयोग ईंधन के भंडारण और ट्रांसफर के लिए किया जाता है। फिलहाल किसी व्यक्ति के घायल होने या जानमाल के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़ें: क्या ट्रंप की जान को था खतरा? गोल्फ क्लब के पास हथियारों के साथ संदिग्ध गिरफ्तार, घर से भी मिला हथियारों का ढेर

वीडियो बनाने पर दो लोग गिरफ्तार

धमाकों के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल होने लगे। इन्हीं वीडियो को रिकॉर्ड करने और साझा करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि अधिकारियों ने गिरफ्तारी के पीछे लागू कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

जेबेल अली क्यों है अहम?

जेबेल अली दुबई का सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब माना जाता है। यह क्षेत्र दुबई शहर से करीब 25 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है और दुनिया के प्रमुख समुद्री व्यापार केंद्रों में शामिल है। यहां स्थित जेबेल अली पोर्ट और फ्री ट्रेड जोन अंतरराष्ट्रीय शिपिंग, कंटेनर कारोबार और व्यापारिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र हैं। इसके अलावा पाम जेबेल अली कृत्रिम द्वीप परियोजना भी इसी क्षेत्र का हिस्सा है।

ये भी पढ़ें: चीन ने पहली बार दिखाई हवा से लॉन्च होने वाली न्यूक्लियर बैलिस्टिक मिसाइल, H-6N बॉम्बर के साथ किया प्रदर्शन

तनाव के बीच बढ़ी सुरक्षा चिंता

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी है। दुबई में हुई इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि धमाकों की वास्तविक वजह सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts