Priyanshi Soni
22 Oct 2025
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को छठ पूजा को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है कि श्रद्धालु स्वच्छ जल में खड़े होकर पूजा कर सकें। साथ ही, यह प्रयास किया जा रहा है कि त्योहार के सभी कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के संपन्न हों। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज से एक विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी जनप्रतिनिधि,सांसद, विधायक और पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों के छठ पूजा स्थलों पर जाकर सफाई अभियान चलाएंगे।
रेखा गुप्ता ने कहा वर्षों से यमुना पर छठ की पूजा सरकार द्वारा बंद कर दी गई थी जिस प्रतिबंध को इस बार हमारी सरकार ने हटाया है। लगभग 17 पॉइंट्स पर सरकार द्वारा मॉडल छठ घाट बनाए जा रहे हैं। दिल्ली में 1000 से अधिक छठ कार्यक्रमों के लिए आवेदन आ चुके हैं। इस सब में सारी व्यवस्थाएं सरकार की तरफ से दी जाएंगी। हर जिले में कम से कम एक मॉडल छठ घाट जरूर बनाया जाएगा।
पिछले साल 929 स्थानों पर छठ पर्व का आयोजन हुआ था। वहीं, इस बार अब तक 1000 से अधिक समितियों द्वारा आयोजन के लिए आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा, सरकार की ओर से यमुना नदी के किनारे 17 स्थानों पर विशेष मॉडल घाट तैयार किए जा रहे हैं। सरकार ने घोषणा की है कि छठ पूजा के लिए जितने भी स्थल अंतिम तिथि तक पंजीकृत होंगे, उन सभी के लिए टेंट, साफ-सफाई और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, हर जिले और उप-जिले में कम से कम एक मॉडल घाट अनिवार्य रूप से विकसित किया जाएगा।
पूरे शहर में छठ व्रतधारियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिसमें पुष्प वर्षा और भव्य स्वागत द्वार भी शामिल हैं। पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुभव देने के उद्देश्य से भोजपुरी और मैथिली भाषाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। जिससे समग्र धार्मिक वातावरण और अधिक भावपूर्ण बन सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि वर्ष 2021 में, जब कुछ लोगों ने यमुना घाट पर छठ पूजा की थी, तब दिल्ली सरकार ने उनके खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमे दर्ज किए थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा दर्ज किए गए इन सभी मामलों को मौजूदा सरकार वापस लेगी, और इससे संबंधित सभी शिकायतों को खत्म किया जाएगा।
उधर, दिल्ली सरकार में मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा ने कहा बीते कई वर्षों से श्रद्धालुओं को यमुना घाट पर पूजा करने से रोका गया था, लेकिन अब मुख्यमंत्री की अनुमति से यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा, यही यमुना है, जिसे वर्षों तक गंदगी से भरने दिया गया। हर बार कहा गया कि बस पांच साल और दीजिए। आज जब रेखा गुप्ता ने कहा कि उन्हें पांच साल दें, तो उनके छह महीने का कार्यकाल ही पहले की सरकारों के 25 सालों पर भारी है।
उन्होंने आगे कहा कि सफाई अभियान केवल यमुना तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दिल्ली में छठ पूजा स्थलों पर भी चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार छठ पूजा उतनी ही शानदार और भव्य होगी, जितनी इस बार दीपावली थी। सिरसा ने कहा कि यह दिखना चाहिए कि 27 साल बाद जब दिल्ली में भाजपा की सरकार आई है, तो छठ जैसे आस्था के पर्व को किस स्तर पर सम्मान और भव्यता दी गई है।