रायपुर में 1.27 करोड़ की ठगी का आरोपी कोर्ट में पेश, हथकड़ी में हंसता रहा दीपक टंडन, पुलिस ने मांगी 3 दिन की रिमांड

रायपुर: छत्तीसगढ़ में करोड़ों रुपए की कथित ठगी के मामलों में घिरे होटल कारोबारी दीपक टंडन को रायपुर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। हथकड़ी पहने कोर्ट पहुंचे आरोपी के चेहरे पर शिकन की जगह मुस्कान नजर आई। पेशी के दौरान वह हंसता रहा और कैमरों की तरफ देखकर थम्स-अप का इशारा भी करता दिखा। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने नए ठगी मामले में पूछताछ के लिए आरोपी की तीन दिन की रिमांड मांगी है। दीपक टंडन पर करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपए की धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और धमकी से जुड़े आरोप हैं। उसके खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में अलग-अलग मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। रायपुर के तेलीबांधा थाने में आरोपी और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ भी FIR दर्ज हैं।
हथकड़ी में भी बेफिक्र दिखा आरोपी, कोर्ट में किया थम्स-अप
दीपक टंडन की कोर्ट में पेशी के दौरान उसका अलग ही अंदाज देखने को मिला। पुलिस की सुरक्षा के बीच हथकड़ी पहने आरोपी मुस्कुराता नजर आया। उसने मीडिया कैमरों की ओर देखकर थम्स-अप का इशारा भी किया। वहीं, किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कोर्ट परिसर में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
संबंधित खबर: DSP कल्पना वर्मा मामले से चर्चा में आई दीपक टंडन पर 7 दिन में 5 FIR, पत्नी बरखा भी हुई गिरफ्तार
SECL में ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख की ठगी का आरोप
दीपक टंडन के खिलाफ हाल ही में दर्ज आठवीं FIR में SECL कोरबा में ठेका दिलाने के नाम पर दो लोगों से 56 लाख रुपए लेने का आरोप है। शिकायतकर्ता विकास कुमार नागले और श्याम सिंह ठाकुर के मुताबिक, आरोपी ने SECL में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में सिक्योरिटी एजेंसी मैनेजर विकास कुमार नागले से 25 लाख और एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपए लिए गए। आरोप है कि ठेका नहीं मिलने पर जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी टालमटोल करता रहा। रकम लौटाने के लिए दिए गए दोनों चेक बैंक में बाउंस हो गए। इसी शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया है।
होटल से लेकर जमीन और लग्जरी कार तक, ठगी के अलग-अलग आरोप
दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज शिकायतों में होटल पर कब्जा, जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर रकम लेने तथा लग्जरी कार के सौदे में धोखाधड़ी जैसे आरोप भी शामिल हैं।
1. होटल वेलकम श्री पर कब्जा और धमकी का आरोप
रायपुर के वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) को लेकर सरिता वाजपेयी ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि लीज समाप्त होने के बाद भी दीपक टंडन ने होटल का कब्जा नहीं छोड़ा। इस मामले में नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। इस प्रकरण में उसकी पत्नी बरखा टंडन का नाम भी आरोपी के रूप में सामने आया है।
2. जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख लेने का आरोप
शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल के मुताबिक, दीपक टंडन ने करीब 16,500 वर्गफीट जमीन और एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का सौदा किया था। इस दौरान करीब 36 लाख रुपए लेने का आरोप है। शिकायत में कहा गया कि संबंधित जमीन दीपक और उसकी पत्नी बरखा टंडन के नाम पर नहीं थी।
संबंधित खबर: दीपक टंडन पर ठगी की FIR की हैट्रिक, कोयला टेंडर, लग्जरी कार और रेस्टोरेंट के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोप
3. फॉर्च्यूनर लीजेंडर के नाम पर 20 लाख की धोखाधड़ी
आशीष जायसवाल की ही एक अन्य शिकायत में 2023 मॉडल टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, रकम लेने के बाद न तो गाड़ी दी गई और न ही पैसे वापस किए गए। इस मामले में अलग FIR दर्ज की गई।
4. सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी
सक्ती सिटी कोतवाली में किशन शर्मा की शिकायत पर भी मामला दर्ज है। आरोप है कि मार्च 2022 में दीपक टंडन ने बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले 15 लाख रुपए लेने और गारंटी के तौर पर बंद बैंक खाते का चेक देने का आरोप है।
5. AI से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप
बिलासपुर में एक मीडियाकर्मी की शिकायत पर भी दीपक टंडन के खिलाफ कार्रवाई हुई। आरोप है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए। शिकायत में ब्लैकमेलिंग और भ्रामक सामग्री फैलाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इसी मामले में बिलासपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
रायपुर से कोरबा तक फैला मामला, पत्नी भी कई FIR में आरोपी
दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में पांच FIR दर्ज होने की जानकारी है। इसके अलावा सक्ती, बिलासपुर और कोरबा में भी धोखाधड़ी से संबंधित मामले सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, ठेका दिलाने, कोल ट्रांसपोर्टिंग, सरकारी टेंडर और कारोबार से जुड़े काम कराने का भरोसा देकर लोगों से रकम लेने की शिकायतें मिली हैं। इन सभी मामलों में शिकायतों, लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
संबंधित खबर: ऑफिसर की प्रेम कहानी : कौन है कल्पना वर्मा जिसे गिफ्ट में मिली 12 लाख की डायमंड रिंग, अब नौकरी बचेगी या जाएगी?
अब पुलिस रिमांड में खुलेंगे ठगी के और राज?
नए मामले में तीन दिन की पुलिस रिमांड की मांग के बाद अब जांच का फोकस कथित लेनदेन, चेक बाउंस, ठेके के नाम पर ली गई रकम और अन्य शिकायतों से जुड़े तथ्यों पर रहेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अलग-अलग मामलों में आरोपों के बीच कोई आपसी संबंध है या नहीं।




















