दुर्ग में AI से बनाया कलेक्टर का फर्जी आदेश, बाइक छुड़ाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर/दुर्ग भिलाई: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल अब साइबर ठगी और फर्जीवाड़े के लिए भी होने लगा है। दुर्ग जिले में ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने AI की मदद से कलेक्टर दुर्ग के नाम पर फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर लिया। इसके बाद इसी आदेश के सहारे आबकारी विभाग में जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने पहुंच गए। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन में फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया। मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
AI से तैयार किया कलेक्टर के नाम का फर्जी आदेश
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-1 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जब्त मोटरसाइकिल को सुपुर्दनामा पर प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी कथित सरकारी आदेश प्रस्तुत किया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज को वास्तविक शासकीय आदेश बताकर बाइक छुड़ाने की कोशिश की। लेकिन आबकारी कार्यालय में जब आदेश का परीक्षण और सत्यापन कराया गया तो उसकी असलियत सामने आ गई।
संबंधित खबर: Raipur: व्यापमं फर्जी आदेश मामले में बड़ा एक्शन, कोचिंग संचालक से 80 हजार लेने का आरोप, ट्रेनी SI निलंबित
जब्त बाइक छुड़ाने की कोशिश पड़ी भारी
जिस मोटरसाइकिल को छुड़ाने के लिए पूरा फर्जीवाड़ा किया गया, उसका नंबर CG 07 B 15687 है। यह होंडा HF डिलक्स बाइक वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जब्त की गई थी। फर्जी आदेश पकड़े जाने के बाद प्रार्थी भोजराम रत्नाकर की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पूछताछ में कबूला AI से बनाया था फर्जी दस्तावेज
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने AI की सहायता से कलेक्टर के नाम पर फर्जी शासकीय आदेश तैयार करने और उसे आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति भी जब्त की है।

दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32 वर्ष) और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को 14 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे, सहायक उपनिरीक्षक पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू तथा आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील: AI से फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाना अपराध
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय आदेश, प्रमाण-पत्र या आधिकारिक दस्तावेज की सत्यता संबंधित विभाग से जरूर जांचें। AI और डिजिटल माध्यमों का उपयोग करके फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करना अथवा उनका इस्तेमाल करना दंडनीय अपराध है।




















